उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने शुक्रवार को जयपुर फैशन एक्सपो 2025 का पोस्टर विमोचन किया। एक्सपो का आयोजन जयपुर गारमेंट क्लब की ओर से 10-11 जनवरी 2025 को चंदन वन, सीतापुरा में किया जाएगा। इस फैशन एक्सपो में इंटरनेशनल फैशन के रंगीन परिधानों, एथनिक और फ्यूजन वियर के साथ विशेष रैंप शो आयोजित किए जाएंगे। फैशन और डिजाइन का होगा संगम
मीडिया प्रभारी मोहित टेलर ने बताया कि इस प्रदर्शनी में ब्लैक एंड व्हाइट थीम और पेस्टल कलर चार्ट के साथ गोटा पत्ती, सिक्वेंस वर्क, बगरू और सांगानेरी प्रिंट से तैयार परिधान प्रदर्शित किए जाएंगे। प्रदर्शनी में कॉटन, रेयॉन, शिफॉन, जॉर्जट और सिल्क से बने डिजाइनर अनारकली, कुर्तियां, प्लाजो सूट सेट, इंडो-वेस्टर्न लहंगे और कुर्ती-ब्लाउज सेट जैसे वस्त्र डिस्प्ले किए जाएंगे। जयपुर गारमेंट क्लब की यह पहल स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गारमेंट इंडस्ट्री को बढ़ावा देने का प्रयास है। देश-विदेश से शामिल होंगे गारमेंट एजेंट और ग्राहक
इस एक्सपो में देशभर के गारमेंट एजेंट और ग्राहक हिस्सा लेंगे। नेपाल, यूएसए, लंदन, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई, अहमदाबाद, भोपाल, उड़ीसा, छत्तीसगढ़, दिल्ली, गोवा, रायपुर, कोटा, भीलवाड़ा, इंदौर, असम और कोलकाता जैसे स्थानों से होलसेल ग्राहक जयपुर के मैन्युफैक्चरर्स को ऑर्डर देंगे। जयपुर के 60 मैन्युफैक्चरर्स को मिलेगा प्लेटफार्म
जयपुर गारमेंट क्लब के अध्यक्ष दीपक जैन और सचिव अशोक गुप्ता ने बताया कि इस एक्सपो में जयपुर के टॉप 60 मैन्युफैक्चरर्स को अपने कलेक्शन के प्रदर्शन का अवसर मिलेगा। इस आयोजन से गारमेंट सीजन में बेहतर व्यवसाय की उम्मीद है। अनुमान है कि इस फेयर में लगभग 2000 होलसेल ग्राहक शामिल होंगे।
पोस्टर विमोचन के दौरान अशोक गुप्ता, शंकर जोशी, सिद्धार्थ जैन, केशव शुक्ला और किशनचंद समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस एक्सपो के माध्यम से सीतापुरा और मानसरोवर के मैन्युफैक्चरर्स को बड़े ऑर्डर मिलने की संभावना है।


