जयपुर में राजापार्क स्थित उच्च माध्यमिक आदर्श विद्या मंदिर का वार्षिकोत्सव बुधवार शाम 5:30 बजे बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। वार्षिकोत्सव के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राएं अहिल्याबाई होल्कर के जन्म त्रिशताब्दी वर्ष पर आधारित नाटक प्रस्तुत करेंगे। प्रधानाचार्य राजेंद्र गुप्ता ने बताया- मेधावी छात्रों, शत-प्रतिशत उपस्थिति वाले विद्यार्थियों और राष्ट्रीय स्तर पर मल्लखंभ और बॉक्सिंग में स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को रजत पदक और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रांतीय स्तर पर अटल लैब मॉडल प्रतियोगिता में चयनित छात्रों को भी पुरस्कृत किया जाएगा। इस स्कूल का उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना प्रबंधन समिति के सचिव संजीव भार्गव ने बताया- विद्या भारती के अंतर्गत संचालित इस विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। इसमें शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक और प्राणिक उन्नति शामिल है। उन्होंने बताया- कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक बाबूलाल विशेष रूप से संबोधित करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के पूर्व छात्र और भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल उपस्थित रहेंगे। विशिष्ट अतिथि के तौर पर कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़, उद्योग मंत्री, राजस्थान सरकार, और प्रमुख उद्योगपति और समाजसेवी महेंद्र बांठिया शामिल होंगे। मल्लखंभ और पिरामिड का प्रदर्शन भी करेंगे कार्यक्रम संयोजिका वंदना मेहरोत्रा ने बताया कि समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती और मां भारती के समक्ष दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से होगा। छोटे बालक सामूहिक नृत्य कर गणेश वंदना करेंगे। माखन चोर गीत पर भगवान कृष्ण और अन्य भजनों पर हनुमान जी की नृत्य आराधना होगी। इसके अलावा, गरबा नृत्य, रामायण आधारित नृत्य, और मां जगदंबा की स्तुति भी प्रस्तुत की जाएगी। बालक मल्लखंभ और पिरामिड का प्रदर्शन भी करेंगे। समन्वयक तुलसी संगतानी ने बताया कि समिति के संरक्षक वैद्य केदारनाथ शर्मा सभी अतिथियों का स्वागत करेंगे। विद्यालय के लगभग 250 छात्र-छात्राएं विभिन्न प्रस्तुतियों में भाग लेंगे। प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राजीव सक्सेना ने अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों से कार्यक्रम में उपस्थित होने का अनुरोध किया।


