झारखंड महादेव मोड़ से 200 फीट बाईपास तक सड़क पर हो थे अवैध अतिक्रमण के खिलाफ हाई कोर्ट के आदेश के बाद जयपुर विकास प्राधिकरण एक्शन मोड में आ गया है। तीन दिनों तक समझाइश के बाद अब जयपुर विकास प्राधिकरण का प्रवर्तन दस्ता बुधवार से झारखंड महादेव मोड़ से अपनी कार्रवाई को शुरू कर 160 फीट रोड से अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई शुरू करेगा। इसके खिलाफ आम जनता और क्षेत्रीय विधायक ने मोर्चा खोल रखा है। जयपुर विकास आयुक्त आनंदी ने बताया- हाईकोर्ट द्वारा दायर रिट याचिका में पारित आदेश की पालना में जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा झारखण्ड मोड़ तिराहा से खातीपुरा तिराहा होते हुए 200 फीट बाईपास तक रोड़ की चौड़ाई को जोनल डवलपमेंट प्लान के अनुसार करने की कार्रवाई की जा रही है। इस कार्यवाही के लिए जेडीए द्वारा पांच टीमों का गठन किया गया। जिसमें उपायुक्त, एटीपी, तहसीलदार, इंजीनियर और प्रवर्तन अधिकारी शामिल हैं। कल शुरू हो जाएगी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जयपुर विकास आयुक्त आनंदी ने बताया-आज शाम तक भी स्थानीय व्यापारियों और निवासियों से समझाइश कर सड़क सीमा में आ रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए कहा गया है। जिसके बाद बड़ी संख्या में आम लोगों ने अपने स्तर पर ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू भी की है। इसके लिए जेडीए द्वारा आम जनता की मदद के लिए अतिक्रमण हटाने के लिए जेसीबी, लोखण्डा जैसे संसाधन भी दिए गए हैं। ऐसे में जिन लोगों ने अब तक अतिक्रमण नहीं हटाया है। उनके खिलाफ बुधवार सुबह से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की जाएगी। बता दें कि जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा यह अब तक की दूसरी सबसे बड़ी कार्रवाई है। इसके खिलाफ स्थानीय जनता के साथ क्षेत्रीय विधायक गोपाल शर्मा ने भी मोर्चा खोल रखा है। बावजूद इसके जयपुर विकास प्राधिकरण की टीम हाई कोर्ट के आदेश की पालना के तहत बुधवार से कार्रवाई शुरू करने जा रही है।


