जयपुर में कांग्रेस खेलकूद प्रकोष्ठ का विधानसभा घेराव:पुलिस ने वाटर कैनन चलाया; गोविंद सिंह डोटासरा बोले- बीजेपी जनता के मुद्दों से ध्यान भटका रही

राजस्थान कांग्रेस के खेलकूद प्रकोष्ठ ने मंगलवार को विधानसभा घेराव का कार्यक्रम किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता 22 गोदाम स्थित सहकार भवन पर इकट्ठा हुए। जहां से रैली के रूप में विधानसभा की ओर कूच किया गया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और टकराव की स्थिति भी बनी। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को वाटर कैनन का प्रयोग करना पड़ा। खेल प्रकोष्ठ के विरोध प्रदर्शन में गोविंद सिंह डोटासरा सहित कई सीनियर कांग्रेसी नेता मौजूद रहे। इस दौरान पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विधानसभा गौहत्या के मुद्दे के चलते स्थगित है। डोटासरा ने कहा कि बीजेपी को गौमाता से कोई सरोकार नहीं है, उन्हें सिर्फ वोट बैंक की राजनीति करनी है। जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए ऐसे विषय उठाए जा रहे हैं।” उन्होंने कांग्रेस के खेलकूद प्रकोष्ठ की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि अमीन पठान के नेतृत्व में यह विंग सभी प्रकोष्ठों में नंबर-वन पर काम कर रहा है। दरअसल, मंगलवार दोपहर डेढ़ बजे जैसे ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधानसभा की ओर बढ़ने का प्रयास किया, पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग कर दी। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोक झोंक हुई। कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड हटाने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल कर भीड़ को तितर-बितर किया। इस दौरान प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस खेल प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अमीन पठान ने कहा को जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रखेंगे और सरकार को जवाब देना होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *