जयपुर में कार और बाइक की भिड़ंत, एक की मौत:दूसरा भाई गंभीर घायल, दोनों काम से घर लौट रहे थे

जयपुर में मंगलवार देर रात कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। वहीं मृतक का भाई गंभीर रूप से घायल है जिसका जयपुरिया अस्पताल में इलाज चल रहा है। दोनों भाई बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे, तभी रॉन्ग साइड से आ रही एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी। थाना (साउथ) पुलिस ने बुधवार दोपहर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया। हेड कॉन्स्टेबल कैलाश चंद स्वामी ने बताया कि हादसे में मानसरोवर के रजत पथ इलाके के रहने वाले परमानंद (33) की मौत हो गई। उनका बड़ा भाई गंगाराम (45) अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है। दोनों भाई वैशाली नगर के नर्सरी सर्कल पर जूतों की दुकान में काम करते थे। मंगलवार रात ड्यूटी खत्म कर वे बाइक से घर जा रहे थे। रात करीब 12 बजे मानसरोवर के किरण पथ पर अमर जैन अस्पताल के पास यह हादसा हुआ। रॉन्ग साइड से आ रही टैक्सी कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों भाई सड़क पर गिर पड़े और बुरी तरह घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तुरंत कार और उसके ड्राइवर को पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जयपुरिया अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने परमानंद को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कार जब्त कर ली है और ड्राइवर रोहिताश (भरतपुर निवासी) को हिरासत में ले लिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *