जयपुर में कार का शीशा तोड़कर गहने-कैश से भरा बैग चोरी का मामला सामने आया है। गांव से परिवार सहित लौटते समय रास्ते में एक ढाबे पर लंच करने रूका था। बस्सी थाना पुलिस वारदातस्थल के आस-पास लगे CCTV फुटेज को खंगालने के साथ चोरों की तलाश कर रही है। ASI मोहनलाल ने बताया- मालपुरा गेट निवासी अजय कुमार (37) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। वह परिवार सहित अपने गांव हिण्डौन गए हुए थे। 14 दिसम्बर को परिवार सहित कार से वापस जयपुर अपने घर लौट रहे थे। शाम करीब 5:15 बजे रास्ते में बस्सी इलाके में स्थित पंचमुखी बालाजी कॉलोनी स्थित एक ढाबे पर लंच करने के लिए रुक गए। ढाबे में लंच करने के दौरान रोड साइड खड़ी कार का बदमाशों ने पत्थर से शीशा तोड़ा। शीशा तोड़कर सीट पर रखा पत्नी का बैग चोरी कर ले गए। बैग में सोने की दो अंगुठी, 5 हजार रुपए व अन्य कीमती सामान रखा था। लंच कर ढाबे से बाहर आकर कार संभालने पर चोरी का पता चला। बस्सी थाना पुलिस ने सूचना पर आकर मौका-मुआवना किया। पुलिस ने शिकायत पर FIR दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।


