जयपुर में बदमाशों ने एक घर के बाहर खड़ी कार में तोड़फोड़ कर दी। लोहे की रॉड लेकर आए बदमाशों ने तोड़फोड़ कर कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। आवाज सुनकर बाहर निकलने पर हमलावरों ने घर के अंदर पत्थर फेंके। जवाहर नगर थाने में पीड़ित ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। हैड कॉन्स्टेबल रामबाबू ने बताया- जवाहर नगर निवासी देवेंद्र सिंह ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे उनके घर के बाहर 6-7 बदमाश लोहे की रॉड लेकर आए। आते ही बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी उनकी कार में तोड़फोड़ कर दी। कार के शीशे तोड़ने के साथ जमकर तोड़फोड़ कर कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। आवाज सुनकर बाहर देखने पर हमलावरों ने घर के अंदर पत्थर फेंके। तोड़फोड़ व पथराव कर बदमाश वहां से भाग निकले। जवाहर नगर थाना पुलिस सूचना पर मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर के बाहर लगे CCTV फुटेजों को खंगाला। फुटेज में हमलावरों की करतूत कैद मिली। पुलिस फुटेज के आधार पर हमलावरों की तलाश कर रही है।


