जयपुर के झोटवाड़ा इलाके में ट्रैक्टर-ट्रॉली ने पैदल जा रहे दो जनों को रौंद दिया। ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से घायल महिला और युवक की मंगलवार दोपहर मौत हो गई। एक्सीडेंट थाना (वेस्ट) पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए दोनों शव को SMS हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। पुलिस ने शराब के नशे में मिले ड्राइवर को राउंडअप किया है। SHO (एक्सीडेंट थाना वेस्ट) रामकृपाल ने बताया- हादसे में झोटवाड़ा के सीताबिहार निवासी कौशल्या देवी (59) और नींदड मोड़ गणेश नगर निवासी आदित्य नागवंशी (30) की मौत हो गई। मृतक आदित्य मजदूरी का काम करता था। सुबह करीब 9:15 बजे करणी फाटक स्थित गणेश मंदिर के पास कौशल्या सूट खरीदने आई थी। वहीं से आदित्य पैदल निकल रहा था। इसी दौरान ओवर स्पीड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने दोनों को चपेट में ले लिया। टक्कर मारने के बाद ड्राइवर मौके पर ट्रैक्टर-ट्रॉली को छोड़कर भागने लगा। स्थानीय लोगों ने शराब के नशे में मिले ड्राइवर सुधीर (45) निवासी मध्य प्रदेश को पकड़ लिया। लोगों ने एक्सीडेंट की सूचना झोटवाड़ा व एक्सीडेंट वेस्ट थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को गंभीर हालत में SMS हॉस्पिटल में एडमिट करवाया। इलाज के दौरान मंगलवार दोपहर दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर ड्राइवर को हिरासत में लिया है।


