जयपुर में नन्हे फैन के साथ नाची सिंगर सुनंदा शर्मा:बॉलीवुड गानों पर किया लाइव परफॉर्म, स्टूडेंट्स की की एनर्जी देख बनाए वीडियो

पूर्णिमा ग्रुप के वार्षिक खेल एवं सांस्कृतिक उत्सव ‘आरोहण 2026’ में मंगलवार की शाम उस समय यादगार बन गई, जब मशहूर पार्श्व गायिका और अभिनेत्री सुनंदा शर्मा ने मंच संभाला। उनकी ऊर्जा से भरी प्रस्तुति ने पूरे परिसर का माहौल बदल दिया और छात्र देर रात तक झूमते नजर आए।
कार्यक्रम का सबसे भावुक और यादगार पल तब आया, जब उन्होंने मंच के सामने नाच रहे एक छोटे प्रशंसक को देखा। सुनंदा ने उसे मंच पर बुलाया और अपने गीत पर उसके साथ नृत्य किया। बच्चे का उत्साह देखकर वे खुद भी थिरकने लगीं। इतना ही नहीं, उन्होंने अपने मोबाइल से उस बच्चे का नृत्य वीडियो भी बनाया और एक अन्य बच्चे को मंच से स्नेहपूर्वक चूमकर अपना प्यार जताया। मुख्य मंच पर कॉलेज विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों के बाद जैसे ही सुनंदा शर्मा ने प्रवेश किया, तालियों और उत्साह से पूरा परिसर गूंज उठा। उन्होंने अपने लोकप्रिय गीत ‘सैंडल’ से कार्यक्रम की शुरुआत की और शुरुआत से ही माहौल को जोश से भर दिया। इसके बाद ‘मेरी मम्मी नू पसंद नी तू’, ‘दिल ले गया’, ‘बालियां’, ‘मेरे हाथों में नौ-नौ चूड़ियां’, ‘मॉर्निंग बनके’ और ‘जी करदा’ जैसे गीतों पर छात्रों ने जमकर साथ दिया। सुनंदा की दमदार आवाज, आत्मविश्वास भरी मंच प्रस्तुति और दर्शकों से सीधा संवाद कार्यक्रम की खास बात रही। वे बार-बार विद्यार्थियों से बातचीत करती रहीं, जिससे माहौल और भी आत्मीय हो गया।
इसके पूर्व फेस्ट के अंडर-25 समिट में एक्टर विनीत कुमार सिंह और पूर्णिमा ग्रुप के डायरेक्टर राहुल सिंघी ने अपने अनुभव के आधार पर कॉलेज लाइफ, करियर निर्माण, अनुशासन और आत्मविश्वास जैसे विषयों पर चर्चा की। विनीत कुमार ने अपने संघर्ष और सफलता की कहानी सुनाते हुए स्टूडेंट्स को अपने सपनों के प्रति समर्पित बने रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि कॉलेज लाइफ केवल शिक्षा तक ही सीमित नहीं होती, बल्कि यह स्वयं को पहचानने और अपने लक्ष्य तय करने का महत्वपूर्ण समय होता है। राहुल सिंघी ने अनुशासन और एजुकेशन सिस्टम में नियमित उपस्थिति की अनिवार्यता के महत्व की बात की। उन्होंने कहा कि नियमित उपस्थिति न केवल अकादमिक प्रदर्शन को बेहतर बनाती है, बल्कि व्यक्तित्व और अनुशासन को भी मजबूत करती है। इस दौरान रुचिका लोहिया सहित अन्य वक्ताओं ने भी युवाओं को करियर के विभिन्न अवसरों और चुनौतियों के बारे में मार्गदर्शन दिया। स्टूडेंट्स ने वक्ताओं से सवाल पूछकर करियर, फिल्म इंडस्ट्री, शिक्षा और जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *