जयपुर में एक पूर्व पार्षद के युवती से छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। होली खेलने के बाद वह पार्क में भाई और परिचितों के साथ बैठी थी। छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर युवती के भाई से मारपीट की। जयपुर के पुलिस स्टेशन में पीड़िता ने आरोपी पूर्व पार्षद व उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने बताया कि जयपुर में किराए से रहने वाली 30 साल की युवती ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। 4 अप्रैल को धुलंडी के मौके पर वह अपने परिजनों और परिचितों के साथ होली खेल रही थी। होली खेलने के बाद शाम करीब 6 बजे वे सभी एक पार्क में बैठे थे। तभी शराब के नशे में धुत 5-7 लड़के वहां पहुंचे, जिनमें से एक ने खुद को पूर्व पार्षद बताते हुए बदतमीजी करना शुरू कर दिया। आरोपियों ने पार्क में ताश खेलने वालों को रोकने की धमकी दी और युवती से छेड़छाड़ की। जब युवती के भाई ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। बचाव में आई युवती के भी बाल खींचकर मारपीट की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उनका मोबाइल तोड़ दिया और धमकियां देकर फरार हो गए। घायल भाई के साथ थाने पहुंचकर पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। — अपने क्षेत्र से जुड़ी समस्या को दैनिक भास्कर एप के सिविक इश्यू में पोस्ट करना के लिए क्लिक करें। —


