जयपुर के कलानेरी आर्ट गैलरी में गुरुवार से सोनल ओडेड्रा की एकल फोटोग्राफी एग्जीबिशन ‘हिमालयम’ की शुरुआत हुई। इस अनूठी प्रदर्शनी का उद्घाटन डॉ. चिन्मय मेहता और विशिष्ट अतिथि विनय शर्मा, डॉ. कमलेश व्यास, महेश स्वामी और अतुल पाडिया ने किया। उद्घाटन के दौरान कलानेरी आर्ट गैलेरी की डायरेक्टर सौम्या विजय शर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस फोटोग्राफी एग्जीबिशन में सोनल ओडेड्रा ने हिमालय की वादियों, जन-जीवन और प्रकृति की खूबसूरती को अपने कैमरे में कैद किए गए 30 शानदार फोटोग्राफ्स प्रदर्शित किए हैं। उत्तराखंड और लद्दाख की लुभावनी वादियों में बिताए तीन वर्षों के अनुभव को सोनल ने इन तस्वीरों के माध्यम से जीवंत कर दिया है। इन फोटोज में हिमालय के विविध मौसम, वहां का जनजीवन और बेमिसाल प्राकृतिक सौंदर्य झलकता है। हिमालयम’ फोटोग्राफी एग्जीबिशन 18 जनवरी तक लगेगी। दर्शक 17 और 18 को सुबह 11 से शाम 7 बजे तक इस प्रदर्शनी का आनंद ले सकेंगे। इस प्रदर्शनी को गुजरात स्टेट ललित कला अकादमी ने प्रायोजित किया है। यह हिमालय की संस्कृति और प्रकृति को सेलिब्रेट करने का एक विशेष अवसर है। कलाकार सोनल ओडेड्रा ने कहा कि मेरे लिए हिमालय केवल एक जगह नहीं, बल्कि एक भावना है। इन तस्वीरों के माध्यम से मैं वहां की आत्मा, संस्कृति और खूबसूरती को दुनिया के सामने लाना चाहती हूं। जयपुरवासियों के लिए यह प्रदर्शनी हिमालय की अद्भुत सुंदरता को करीब से महसूस करने का अवसर है।


