जयपुर में हरमाड़ा थाने के सामने शुक्रवार दोपहर बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक महिला और उसके भतीजे को रौंद दिया। शादी में जाने के लिए घर से निकली महिला की ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से मौत हो गई। घायल भतीजे को SMS हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया है। सामने से आई कार को बचाने के चलते ट्रैक्टर-ट्रॉली बेकाबू होकर ठेले-बाइक को चपेट में लेकर बिजली पोल से जाकर टकराई। हरमाड़ा थाना पुलिस ने शनिवार सुबह पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। SHO (हरमाड़ा) उदय यादव ने बताया- हादसे में हरमाड़ा के नींदड़ मोड़ निवासी नानकी देवी (60) की मौत हो गई। घायल भतीजा मुकेश सैन (28) को SMS हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया है। घटनाक्रम के मुताबिक, नानकी देवी अपने बहन और भतीजे मुकेश के साथ एक शादी में जाने के लिए घर से निकली थी। हरमाड़ा थाने के सामने नानकी और मुकेश खड़े होकर बस का इंतजार करने लग। पैर में दर्द के चलते नानकी की बहन धीमे-धीमे पैदल आ रही थी। दोपहर करीब 12:30 बजे टोडी मोड़ की आरे से पत्थर से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली आई। तभी अचानक सामने से आई कार को बचाने के चलते ट्रैक्टर-ट्रॉली को ड्राइवर ने मोड़ दिया। बेकाबू होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली ने रोड किनारे खड़ी नानकी व उसके भतीजे मुकेश को चपेट में ले लिया। अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक बाइक और पतासी ठेले को चपेट में ले लिया। उनको टक्कर मारने के बाद बिजली के दो पोल को तोड़ते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली रुकी। हादसे के बाद ड्राइवर मौके पर ट्रैक्टर-ट्रॉली को छोड़कर भाग निकला। हरमाड़ा थाना पुलिस ने लोगों की मदद से हादसे में घायल नानकी और मुकेश को SMS हॉस्पिटल में एडमिट करवाया। इलाज के दौरान शुक्रवार रात नानकी ने दम तोड़ दिया। घायल मुकेश का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।


