प्रेमिका के साथ रहने के लिए बेटे ने ही पिता पर फायरिंग करवाई थी। बेटा पहले से शादीशुदा था ऐसे में पिता घर लौटने का दबाव बना रहे थे। बेटे ने पिता को रास्ते से हटाने के लिए जान से मारने का प्लान बनाया था। मामला जयपुर के बगरू थाना इलाके का है। पुलिस ने बेटे समेत उसकी प्रेमिका और 2 शूटर्स को गिरफ्तार किया है। इसके बाद उन्हें शनिवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है। 22 फरवरी को हुई थी फायरिंग डीसीपी वेस्ट अमित कुमार ने मामले को लेकर बताया कि मामले में बेटे जितेन्द्र उर्फ जीतू (28) पुत्र हनुमान चौधरी निवासी फागी (जयपुर), उसकी प्रेमिका सुमित्रा चौधरी (25) पुत्री भंवरलाल चौधरी निवासी दूदू (जयपुर), रिंकु चौधरी (30) पुत्र शिशुपाल चौधरी निवासी सांगानेर (जयपुर) और बलवंत सिंह (23) पुत्र रामपाल निवासी जयपुर को गिरफ्तार किया है। डीसीपी वेस्ट अमित कुमार ने बताया- 22 फरवरी को हनुमान चौधरी पर बगरू खुर्द टिलियावास पर कुछ बदमाशों ने फायरिंग की थी। इस हमले में हनुमान चौधरी बच गए थे। इसके बाद चौधरी की ओर से 26 फरवरी को बगरू थाने में खुद पर फायरिंग होने की सूचना दी गई थी। सड़क पर की थी फायरिंग बगरू पुलिस ने फायरिंग होने की रिपोर्ट मिलने पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। हनुमान चौधरी ने रिपोर्ट में बताया था कि 22 की शाम को करीब 7 से 8 बजे के बीच में वह रिश्तेदार के घर पर गांव बगरू खुर्द टिलियावास आए हुए थे। टिलियावास गांव में वह और उसका रिश्तेदार रामजीलाल और 2 अन्य लोग सड़क के किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। तभी एक गाड़ी स्विफ्ट आरजे-45-CZ-7024 में सवार तीन-चार लोग आए और तेजी से उनकी तरफ कार लाकर खड़ी की। जिस के बाद बदमाशों ने फायरिंग करना शुरू कर दिया। गोली हमारे शरीर के पास से निकली जिस के बाद बदमाश भाग निकले थे। बेटे ने फायरिंग करने को कहा था पुलिस ने बताया कि फायरिंग की रिपोर्ट मिलने पर पुलिस ने एक टीम बनाई और छानबीन शुरू की। कार के नंबरों के आधार पर पुलिस रिंकू सिंह और बलवंत के पास पहुंची। साइबर टीम की मदद लेकर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से एक देशी कट्टा, 4 जिंदा कारतूस, 1 खाली केस और वारदात में उपयोग में ली कार को बरामद किया। पिता के दबाव के कारण हत्या का प्लान बनाया पूछताछ में सामने आया कि बदमाशों ने हनुमान चौधरी के बेटे जितेन्द्र चौधरी उर्फ जीतू और उसकी प्रेमिका सुमित्रा चौधरी के कहने पर फायरिंग की थी। इसके बाद पुलिस ने जीतू और सुमित्रा को गिरफ्तार किया। पुलिस की पूछताछ में जीतू ने बताया कि वह 2 साल से जयपुर में सुमित्रा चौधरी के साथ रह रहा हैं। वह शादीशुदा है और उसके 2 बच्चे भी हैं। हनुमान चौधरी अपने बेटे जीतू को घर ले जाना चाहते थे। लेकिन, जीतू सुमित्रा के साथ ही रहना चाहता था। वह नशे का आदी है। पिता के घर लौटने के दबाव के कारण जीतू और सुमित्रा ने हनुमान चौधरी की हत्या का प्लान बनाया।


