जयपुर में सिविल लाइंस ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के सम्मेलन में पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने भाजपा सरकार पर जुबानी हमला बोला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और प्रेमचंद बेरवा जयपुर से विधायक होने के बावजूद शहर के साथ सौतेला व्यवहार कर रहे हैं। खाचरियावास ने बताया कि सरकार बने एक साल हो गया, लेकिन मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र सांगानेर, उपमुख्यमंत्री के क्षेत्र विद्याधर नगर और दूदू की स्थिति सबसे खराब है। सड़कों पर गड्ढे भरे नहीं गए हैं और पूरे जयपुर में ट्रैफिक जाम की गंभीर समस्या है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार कर रही है और भाजपा नेता भी पुलिस के साथ मिलकर महिलाओं की इज्जत पर हमला कर रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से सड़क पर उतरने और जनता की आवाज बुलंद करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता अन्यायपूर्ण बुलडोजर कार्रवाई का भी विरोध करेंगे। खाचरियावास ने कहा कि भाजपा सरकार के नेता यदि पुलिस की ताकत का सरकार के दम पर गलत इस्तेमाल करेंगे तो कांग्रेस कार्यकर्ता महिलाओं की सुरक्षा के लिए सामने आकर पुलिस से टकराने से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि जेडीए सहित सभी ऑफिसों में आम आदमी के घुसने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। अब पास बनाना जरूरी कर दिया गया है। सरकार की सरकारी कार्यालय में आम नागरिक के जाने के लिए की गई पास की व्यवस्था पूरी तरह से गैरकानूनी है। इससे कांग्रेस का कार्यकर्ता स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता सड़कों पर आंदोलन करेंगे क्योंकि पिछले 1 वर्ष में सरकार के मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्रियों ने अपने दरवाजे बंद कर रखें। मुख्यमंत्री ने तो एक वर्ष में शुरू के तीन दिन जनसुनवाई की थी उसके बाद जनसुनवाई पूरी तरह से बंद कर दी गई है। खाचरियावास ने कहा कि कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता भाजपा की बुलडोजर कार्यवाही का सभी जगह विरोध करेंगे क्योंकि बुलडोजर गैर कानूनी तरीके से चलाया जा रहा है। सांगानेर में 2000 हिंदुओं के मकान और दुकान तोड़ दिए एक को भी मुआवजा नहीं दिया गया। शास्त्री नगर में आरपीए के पास भी हिंदुओं को भाजपा ने बुलडोजर से कुचल दिया, भाजपा जो नाटक कर रही है वह चलने वाला नहीं है बिना मुआवजे के किसी भी तरह की तोड़फोड़ कांग्रेस स्वीकार नहीं करेगी।


