जयपुर में युवाओं के साथ दौड़े सीएम भजनलाल शर्मा:बोले- ओलिंपिक के लिए टॉप-50 खिलाड़ियों को तैयार करेंगे; दुनिया के बेहतरीन कोच देंगे ट्रेनिंग

राजस्थान सरकार प्रदेश में नई युवा और खेल नीति लाने की तैयारी कर रही है। साथ ही प्रदेश के टॉप 50 खिलाड़ियों को ओलिंपिक के लिए तैयार करने के लिए स्पेशल ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू किया जाएगा। इसमें दुनिया के बेहतरीन कोच प्रदेश के खिलाड़ियों को ट्रेनिंग देंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को जयपुर के अमर जवान ज्योति पर आयोजित रन का विकसित राजस्थान रैली के दौरान यह घोषणा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने खेल मंत्री और युवाओं के साथ दौड़ भी लगाई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बताया- राजस्थान में युवाओं को खेल के क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो। इसको लेकर राइजिंग राजस्थान में खेल विभाग ने 15 हजार करोड़ रुपए के एमओयू किए हैं। इससे आने वाले समय में प्रदेश के युवाओं के साथ खिलाड़ियों को और बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने कहा- हम खेलो इंडिया राष्ट्रीय यूथ गेम्स 2026 के आयोजन को राजस्थान में कराने की तैयारी कर रहे हैं। इससे न सिर्फ खिलाड़ियों और खेल का विकास होगा। बल्कि, प्रदेश के पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलप होगा। 50 खिलाड़ियों को ओलिंपिक के लिए तैयार करेगी सरकार
भजनलाल शर्मा ने कहा- अब हमारी सरकार प्रदेश के टॉप-50 खिलाड़ियों को ओलिंपिक के लिए तैयार करेगी। इसमें दुनिया के बेहतरीन कोच प्रदेश के खिलाड़ियों को ट्रेनिंग देंगे। उनके लिए बेस्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार होगा, ताकि वह ओलिंपिक में बेहतर प्रदर्शन कर राजस्थान और देश का नाम दुनिया में रोशन कर सके। इसके साथ ही जयपुर में एक्सीलेंस फॉर स्पोर्ट्स सेंटर भी स्थापित किया जाएगा। ताकि प्रदेशभर के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा को और निखारने का मौका मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा- हमारी सरकार प्रदेश के युवा और खिलाड़ियों को और बेहतर सुविधा मिल सके इसके लिए काम कर रही है। ऐसे में जल्द ही हमारी सरकार प्रदेश में नई युवा और खेल नीति लाने जा रही है। इसके साथ ही कोच तैयार करने के लिए प्रदेश में महाराणा प्रताप विश्वविद्यालय भी स्थापित किया जाएगा। यहां से तैयार होकर कोच प्रदेशभर में जिला स्तर पर प्रतिभावान खिलाड़ियों को और बेहतर ट्रेनिंग दे सकेंगे। युवा प्रदेश के विकास के लिए दौड़ लगाएंगे
मुख्यमंत्री ने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान को विकसित बनाने के लिए काम किया जा रहा है। आज जिस तरह से विकसित राजस्थान को लेकर रन का विकसित राजस्थान का आयोजन किया गया है। अब प्रदेश में हर साल इसी तरह यह आयोजन 12 दिसंबर के दिन आयोजित होगा। इसमें राजस्थान की युवा प्रदेश के विकास के लिए दौड़ लगाएंगे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पेरिस और एशियाई गेम्स के विजेताओं को भी सम्मानित किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *