जयपुर में रिलीज हुआ आजाद फिल्म का बेरंगी गाना:राशा थडानी बोलीं- पैरेंट्स की शादी राजस्थान में हुई, मेरी फिल्म राजस्थान से शुरू हुई, यह बेस्ट कनेक्शन

काई पो छे, रॉकऑन, केदारनाथ, चंडीगढ़ करे आशिकी जैसी सफल फिल्मों के निर्देशक अभिषेक कपूर अब आजाद फिल्म लेकर आए हैं। इस फिल्म का पहला गाना बेरंगी गुरुवार को जयपुर के होटल मैरियट में लॉन्च किया गया। इस मौके पर डायरेक्टर अभिषेक कपूर और अमन देवगन व राशा थडानी मौजूद रहे। आजाद फिल्म के जरिए अमन और राशा डेब्यू कर रहे हैं। अमन एक्टर अजय देवगन के भांजे हैं और राशा थडानी अभिनेत्री रवीना टंडन की बेटी हैं। इसमें अजय देवगन भी इसमें एक महत्वपूर्ण किरदार निभा रहे हैं। यह एक एक्शन एडवेंचर फिल्म है, जिसका निर्माण रॉनी स्क्रूवाला और प्रज्ञा कपूर ने किया है । फिल्म का संगीत अमित त्रिवेदी ने तैयार किया है। 17 जनवरी 2025 को सिनेमा घरों में रिलीज होने वाली इस फिल्म में आजादी से पहले 1920 के भारत की पृष्ठभूमि पर आधारित कहानी है। निर्देशक अभिषेक कपूर ने कहा कि यह एक रोमांचक एक्शन एडवेंचर मूवी है जिसमें नई प्रतिभाओं के साथ अनुभवी कलाकारों का भी शानदार प्रदर्शन देखने को मिलेगा। इसमें घोड़े की बहादुरी और वफादारी की दास्तां सुनाई देगी। सही मायने में इसमें मुख्य कलाकार मेरा घोड़ा है। एक एनिमल के साथ काम करना बेहद खास अनुभव होता है। अमन और राशा के करियर के लिए यह अहम फिल्म है और मैं आपको आश्वस्त करता हूं कि आपको उनका काम और समर्पण पसंद आएगा।
आजाद टाइटल के बारे में उन्होंनें बताया कि रिश्ता वही सच्चा है जो हमें बांधता नहीं बल्कि आजाद करता है। हर इंसान को एनिमल लवर होना चाहिए। इंसान की जिंदगी में घोड़े का क्या योगदान रहा है और उसका इंसान से क्या रिश्ता रहा है , यही इस फिल्म में बताने की कोशिश की है। एनिमल के साथ हमारा रिश्ता बहुत मूल्यवान है। घोड़ा भले ही हमारे तरह सोचता नहीं है लेकिन उसकी हमारे प्रति फीलिंग्स जबरदस्त होती है।
अभिषेक कपूर का कहना है कि मैं फिल्में तब बनाता हूं, जब मेरे पास कुछ कहने को होता है। मैं कभी कोई प्रोजेक्ट नहीं बनाता और न ही बड़े कलाकार मिलने पर झट से फिल्म बनाता। मैं हमेशा यादगार कहानी की तलाश में रहता हूं। आजाद की कहानी भी ऐसी ही है, इसमें मेरा घोड़ा मेरा हीरो है। मैं कहानी घड़ता ही नहीं बल्कि कहानी की सेवा करता हूं। यह फिल्म मेरी दिल के बहुत करीब है। आजाद की जर्नी जयपुर से ही शुरू हुई है और यहीं से हम इसका प्रमोशन भी शुरू कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि चेतक मेरा सपना रहा है । बचपन से मेरे सपने में एक घोड़ा रहता था।हांलाकि न मेरे पास कभी घोड़ा रहा और न ही मैं कभी घुड़सवार रहा। लेकिन इस फिल्म के लिए मैंने एक मारवाड़ी घोड़ा खरीदा उसे ट्रेनिंग दी बाद में बहुत सारे घोड़े खरीदे ।
अमन देवगन ने बताया कि आप जब पहली ही फिल्म अजय देवगन सरीखे सुपर स्टार और अभिषेक जैसे कुशल निर्देशक के साथ कर रहे हों तो आपका नर्वस होना स्वाभाविक ही है लेकिन मैं अपने को लक्की मानता हूं कि मुझे ऐसे महान कलाकारों के साथ काम करने का मौका मिला है। मेरे लिए यह फिल्म सीखने के लिए एक बहुत बड़ा अवसर रही है क्योंकि मैंने यहां जो सीखा है वो आगे बहुत काम आने वाला है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म किसी एक खास जॉनर की नहीं है बल्कि इसमें रोमांस, एक्शन, कॉमेडी आदि सब कुछ है इसलिए यह बियोंड जॉनर फिल्म है। इस फिल्म के लिए मैंने घोड़े के साथ सोना – जागना , उसे प्यार करना, उसकी भावना को समझना इन सब पर खूब मेहनत की है। इसके लिए हमने तीन सप्ताह गांव में रहकर ट्रेनिंग भी ली है।
राशा थड़ानी ने कहा कि अभिषेक सर ने भी एक से बढ़कर एक हिट फिल्में दी है जिनमें काई पोछे, रॉक ऑन , केदारनाथ जैसी फिल्में शामिल है। उनके साथ काम करने का ख्वाब हर कोई देखता है और मुझे तो शुरुआत ही उनके साथ मिली है। अमन भी बहुत अच्छे कलाकार हैं। वे काफी सपोर्टिव है। मुझे लगा ही नहीं कि मैं पहली मूवी कर रही हूं। सबका सहयोग बहुत अच्छा रहा। मैंने किसी एक्टिंग स्कूल में अभिनय नहीं सीखा क्योंकि मेरा मानना है कि आप सेट पर जो सीखते हैं वो किसी स्कूल में नहीं सीख सकते। मुझे मेरे पेरेंट्स ने यही सिखाया की हमेशा अपना सिर नीचे रखो, हंबल बनो और अपने पैर जमीन पर रखो राशा ने कहा कि राजस्थान से मेरा खास कनेक्शन है, मेरे पैरेंट्स ने राजस्थान में ही शादी की। इसके बाद मेरी पहली फिल्म की शूटिंग जयपुर से शुरू हुई और अब हम प्रमोशन भी जयपुर से शुरू कर रहे हैं। यहां से मेरा एक अलग कनेक्शन बन गया है। यहां शूटिंग करते वक्त भी खास तरह के अनुभव मुझे मिले। मुझे खुशी है कि मेरी डेब्यू फिल्म राजस्थान से शुरू हुई। यहां पर रणथम्भौर मेरा सबसे पसंदीदा जगह है, जहां नेचर के बीच रहना मुझे पसंद है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *