जयपुर में शिवाजी जयंती पर निकलेगी भगवा रैली:राज्यपाल-मुख्यमंत्री होंगे मौजूद, रथ पर सवार होगी महाराज की मूर्ति; शहर होगा केसरिया

जयपुर में 19 फरवरी को छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर एक भव्य भगवा रैली का आयोजन किया जाएगा। इस ऐतिहासिक रैली में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे और मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। रैली का मुख्य आकर्षण शिवाजी महाराज की भव्य मूर्ति होगी, जो रथ पर सवार होकर जयपुर के विभिन्न मार्गों से गुजरेगी। भारत क्रांति मिशन के विलासराव भाऊ पंगारकर, विजय काकडे पाटिल, सुशील जाधव, शशांक शर्मा और कीर्ति राठौर ने बताया कि यह आयोजन शिवाजी महाराज के शौर्य और हिंदवी स्वराज के सपने को साकार करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। रैली के दौरान पूरा जयपुर शहर केसरिया रंग में नजर आएगा। सड़कों पर भगवा ध्वज लहराएंगे और जय शिवाजी, जय भवानी के जयघोष गूंजेंगे। ऐतिहासिक स्थलों और प्रमुख मार्गों को भगवा ध्वजों और रोशनी से सजाया जाएगा। कार्यक्रम में समाज के प्रबुद्ध नागरिकों और जनसेवकों का सम्मान भी किया जाएगा। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, वीर रस के कवि सम्मेलन और शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का भी आयोजन होगा। आयोजकों ने जयपुर वासियों से अधिक से अधिक संख्या में भगवा रैली में भाग लेने की अपील की है। यह आयोजन शिवाजी महाराज के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने का माध्यम बनेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *