फेमस बॉलीवुड सिंगर जुगल किशोर तिलकराज जयपुर आएंगे। 15 दिसंबर को जयपुर में स्वर साधना संस्था की ओर से महान गायक मो. रफी की 100वीं जयंती के अवसर पर कार्यक्रम जन्म-जन्म का साथ है, आयोजित होगा। इसमें वे विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। गौरतलब है कि जुगल किशोर तिलकराज मूल रूप से राजस्थान के जोधपुर शहर से ताल्लुक रखते हैं। अपने उत्कृष्ट संगीत निर्देशन के लिए बॉलीवुड में खास पहचान बना चुके हैं। स्वर साधना संस्था के प्रमुख नरेंद्र मेहता ने बताया- हम जयपुर के संगीत प्रेमियों के लिए लंबे समय से गीत-संगीत के आयोजन कर रहे हैं। इस बार हमारी 12वीं संगीत श्रृंखला में हमने एक ऐसी प्रतिभा को आमंत्रित किया है, जिन्होंने मो. रफी जैसे महान गायक को अपने संगीत निर्देशन में गवाया है। यह जयपुरवासियों के लिए बेहद खास अनुभव होगा। जुगल किशोर ने अपने करियर में कई यादगार और लोकप्रिय गीतों का संगीत दिया है। नरेंद्र मेहता ने कहा- हमारे कलाकारों ने इस कार्यक्रम के लिए कड़ी मेहनत की है। हमें पूरी उम्मीद है कि 15 दिसंबर को महाराणा प्रताप सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में जयपुरवासी बड़ी संख्या में पहुंचकर गीत-संगीत का आनंद उठाएंगे। हमारे प्रयासों को सफल बनाएंगे। इस कार्यक्रम में प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क है और यह जयपुरवासियों को सुरों की एक अनमोल शाम प्रदान करने का वादा करता है।


