जयपुर में 8 नई आवासीय योजना लाएगा जेडीए:मार्च में 4 स्कीम लॉन्च होंगी, 1200 से ज्यादा प्लॉट; 3 वेयर हाउस स्कीम भी आएंगी

जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA ) आठ नई आवासीय योजनाएं और तीन वेयर हाउस स्कीम लाने की तैयारी कर रहा है। इनमें से 4 स्कीम के लिए मार्च में आवेदन शुरू होंगे, जिनमें 1200 से ज्यादा प्लॉट उपलब्ध होंगे। सभी प्लॉट का आवंटन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। 4 साल बाद हाल ही में JDA ने 3 आवासीय योजनाएं लॉन्च की थी। पहली रेजिडेंशियल योजना सीकर रोड पर रामपुरा डाबड़ी के ग्राम बैनाड़ दौलतपुरा में प्रस्तावित है। दूसरी योजना टोंक रोड पर चाकसू हाईवे के पास है। तीसरी योजना बस्सी और चौथी निवारू रोड से लालचंदपुरा के बीच मंशारामपुरा में प्रस्तावित है। बाकी चार रेजिडेंशियल योजना अजमेर रोड पर जयरामपुरा, कालवाड़ रोड पर रोजड़ा, आमेर के राजावास और आगरा रोड पर बगराना में लॉन्च की जाएंगी। अब 4 योजनाओं के बारे में सिलसिलेवार ढंग से पढ़िए…. पहली योजना: सीकर रोड पर, स्कूल और खेल का मैदान भी होगा
जेडीए के जोन-12 में नई आवासीय योजना प्रस्तावित है। इनमें से आर्थिक दृष्टि से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए 95 प्लॉट और निम्न आय वर्ग (LIG) के लिए 88 प्लॉट आरक्षित किए गए हैं। बाकी 174 प्लॉट सामान्य कैटेगरी के रहेंगे। JDA की परियोजना कार्य समिति इस योजना को हरी झंडी दे चुकी है। ऐसे में अब जेडीए रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (RERA) राजस्थान में इस योजना के रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन करेगा। जेडीए की इस योजना में ग्रुप हाउसिंग, फ्लैट्स, रिसोर्ट, कॉमर्शियल और रिटेल कॉमर्शियल के लिए प्लॉट आरक्षित किए गए हैं। योजना की भूमि में से ही जोनल प्लान की 100 फीट और 160 फीट चौड़ी सड़क प्रस्तावित है। इसकी 1.25 हेक्टेयर जमीन स्कूल और खेल के मैदान के लिए रिजर्व रखी है। दूसरी योजना: चाकसू कस्बे के पास, कॉमर्शियल प्लॉट भी होंगे
चाकसू कस्बे की तरफ जाने वाली 200 फीट सड़क पर स्थित यह योजना टोंक रोड से भी बहुत नजदीक है। इस स्कीम में उच्च आय वर्ग के 48, मध्यम आय वर्ग-ए के 90 प्लॉट, मध्यम आय वर्ग-बी के 12 प्लॉट, आर्थिक दृष्टि से कमजोर वर्ग के 44 प्लॉट और निम्न आय वर्ग के 107 प्लॉट हैं। जेडीए की इस योजना में ग्रुप हाउसिंग के 3, फ्लैट्स के लिए 3 प्लॉट और व्यवसायिक उपयोग के 64 प्लॉट हैं। 200 फीट सड़क की तरफ जेडीए की ओर से योजना में बड़े कॉमर्शियल प्लॉट प्रस्तावित किए गए हैं। ग्राम काठावाला जुझारूपुरा स्थित इस योजना की आरक्षित दर 25 हजार से 30 हजार रुपए प्रति वर्गमीटर रहने की संभावना है। फिलहाल रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी में योजना का पंजीकरण कराने की तैयारी चल रही है। तीसरी योजना: इसमें अधिकांश आवासीय योजना
बस्सी के खसरा नंबर 1629, 1630 और 1631 पर यह योजना प्रस्तावित है। इसमें अधिकांश प्लॉट आवासीय रहेंगे। योजना का रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी में रजिस्ट्रेशन करवाया जा चुका है। योजना की आरक्षित दर 14 हजार रुपए प्रति वर्गमीटर रखी है। जेडीए की इस योजना के कुल 233 प्लॉट में से ईडब्ल्यूएस के 131, एलआईजी के 36 और एमआईजी-ए के 66 प्लॉट हैं। चौथी योजना: इसकी आरक्षित दर 13 हजार रुपए प्रति वर्गमीटर
जोन 12 में खसरा नंबर 37, 38 ,72 और 105 पर ये स्कीम प्रस्तावित है। यह योजना निवारू से लालंचदपुरा जाने वाली सड़क पर स्थित है। योजना का RERA में रजिस्ट्रेशन हो चुका है। योजना की आरक्षित दर 13 हजार रुपए प्रति वर्गमीटर प्रस्तावित की गई है। जेडीए की इस योजना के कुल 157 प्लॉट में से ईडब्ल्यूएस के 39, एलआईजी के 70, एमआईजी-ए के 25 और एमआईजी-बी के लिए 23 प्लॉट हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *