जयपुर में 80 लाख रुपए का हाईड्रोपोनिक विदेशी गांजा जब्त:थाईलैंड के बैंकॉक से तस्करी कर भारत लाए थे; तीन तस्कर गिरफ्तार

जयपुर पुलिस की क्राइम स्पेशल टीम (C.S.T.) ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 80 लाख रुपए मूल्य का 910.01 ग्राम हाईड्रोपोनिक (ओर्गेनिक) विदेशी गांजा बरामद किया है। इस मामले में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। स्पेशल पुलिस कमिश्नर राहुल प्रकाश ने बताया- बरामद हाईड्रोपोनिक वीड (ओर्गेनिक) गांजा, जिसे स्थानीय भाषा में “OG” कहा जाता है, मुख्य रूप से थाईलैंड के बैंकॉक से तस्करी कर भारत लाया जाता है। सीएसटी टीम ने पुलिस थाना सांगानेर और प्रतापनगर के साथ संयुक्त अभियान चलाकर यह सफलता हासिल की। पहली कार्रवाई: थाना सांगानेर क्षेत्र सीएसटी को सूचना मिली कि चीलगाड़ी रेस्टोरेंट के पास एक लग्जरी वाहन में अवैध मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी मौलिक अग्रवाल (23) ए-19 वैशाली मार्ग, वैशाली नगर, जयपुर और फोरमेन सैनी (26) सहादत नगर, बलिथल, जिला टोंक (हाल निवासी जगतपुरा, जयपुर) का निवासी है। आरोपियों से पुलिस ने 541 ग्राम हाईड्रोपोनिक विदेशी गांजा, 1,55,000 रुपये नकद (बेचान राशि) तस्करी में प्रयुक्त लग्जरी वाहन XUV 400EV (RJ60 CE 7194) को जब्त किया है। इस संबंध में थाना सांगानेर में एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। दूसरी कार्रवाई: थाना प्रतापनगर क्षेत्र दूसरी कार्रवाई सूचना के आधार पर सीएसटी टीम ने कुम्भा मार्ग से अजय मार्ग, सेक्टर-11 रोड के पास एक युवक को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी नितिन शर्मा (25) ग्राम श्यामसिंहपुरा, थाना बांदीकुई, जिला दौसा का निवासी है और हाल ही में सेक्टर-8, प्रतापनगर, जयपुर में रहता है। आरोपी से पुलिस ने 369.01 ग्राम हाईड्रोपोनिक (ओर्गेनिक) विदेशी गांजा और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। इस मामले में थाना प्रतापनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों कार्रवाई के दौरान कुल गांजा: 910.01 ग्राम, नकद राशि: 1,55,000 रुपए, एक लग्जरी वाहन और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद गांजे की कीमत करीब 80 लाख रुपये आंकी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *