जयपुर मैराथन में बनेंगे दो वर्ल्ड रिकॉर्ड:​​​​​​​अल्बर्ट हॉल से वर्ल्ड ट्रेड पार्क तक जली स्वच्छता की मशाल, एक फरवरी को दौड़ेंगे रनर्स

जयपुर दौड़ते कदमों और जलती मशाल के साथ जयपुर में स्वच्छता, फिटनेस और सामाजिक जागरूकता का संदेश गूंज उठा। एयू जयपुर मैराथन 2026 की पूर्व तैयारियों के तहत टॉर्च सेरेमनी रन का आयोजन किया गया, जो ऐतिहासिक अल्बर्ट हॉल से प्रारंभ होकर जेएलएन मार्ग होते हुए वर्ल्ड ट्रेड पार्क तक सम्पन्न हुआ। जयपुर मैराथन का आयोजन एक फरवरी को होगा। यह आयोजन संस्कृति युवा संस्था एवं वर्ल्ड ट्रेड पार्क द्वारा एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक और राजस्थान टूरिज्म के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जयपुर सांसद मंजू शर्मा उपस्थित रहीं। उनके साथ संस्कृति युवा संस्था के अध्यक्ष पं. सुरेश मिश्रा, पैट्रन एच.सी. गणेशिया, पुनीत कर्णावट, वर्ल्ड ट्रेड पार्क के चेयरमैन अनूप बरतरिया और जयपुर मैराथन के सीईओ मुकेश मिश्रा मौजूद रहे। अल्बर्ट हॉल से वर्ल्ड ट्रेड पार्क तक निकाली गई इस टॉर्च सेरेमनी और रन का उद्देश्य शहरवासियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना और दौड़ व फिटनेस को जन-आंदोलन के रूप में स्थापित करना रहा। इस अवसर पर जयपुर रनर्स क्लब के सदस्यों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर स्वच्छ और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। पं. सुरेश मिश्रा ने कहा कि जयपुर मैराथन केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि एक सामाजिक आंदोलन है। स्वच्छता की यह मशाल नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली और स्वच्छ परिवेश के लिए प्रेरित कर रही है। अनूप बरतरिया ने कहा कि जयपुर को एक एक्टिव और अवेयर सिटी बनाने की दिशा में जयपुर मैराथन एक सशक्त कदम है। स्वच्छता की यह मशाल फिटनेस और जिम्मेदार नागरिकता का मार्ग दिखा रही है। दो वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के होंगे प्रयास जयपुर मैराथन के सीईओ मुकेश मिश्रा ने बताया कि इस वर्ष मैराथन को ऐतिहासिक बनाने के लिए दो वर्ल्ड रिकॉर्ड्स बनाने का प्रयास किया जाएगा। पहला वर्ल्ड रिकॉर्ड विवेकानंद ग्लोबल यूनिवर्सिटी के सहयोग से एक ही खेल आयोजन में धावकों की ओर से सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ गायन करने वाले सबसे बड़े समूह के रूप में बनाया जाएगा। दूसरा वर्ल्ड रिकॉर्ड मां – द सेंटर ऑफ बैलेंस विषय पर आधारित होगा, जिसमें एक ही स्थान पर आयोजित विश्व का सबसे बड़ा विज्ञान प्रयोग (6 किलोमीटर) किया जाएगा। इस प्रयोग का नेतृत्व एमएनआईटी एलुमनाई एसोसिएशन के अध्यक्ष आशीष दत्त शर्मा करेंगे। आगामी कार्यक्रमों की कड़ी में 30 जनवरी 2026 को बिब एक्सपो का उद्घाटन एवं लेजेंड अवार्ड्स समारोह होगा, जबकि 31 जनवरी 2026 को बिब एक्सपो के साथ जयपुर रनर्स अवार्ड्स एवं पेसर्स मीट का आयोजन किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *