जयपुर विधानसभा:उदयपुर फाइल्स एपस्टीन जैसी, पीड़िता-आरोपी भाजपाई, क्या सीएम जांच कराएंगे: जूली

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने शुक्रवार को सवा घंटे तक मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सामने कई सियासी हमले किए। जूली ने कहा कि मेरे पास उदयपुर फाइल्स का वीडियो आया है।
उदयपुर फाइल के अंदर क्या है मुख्यमंत्री जी? इसमें जो पीडि़ता है, वो भी बीजेपी की है। जिस पर आरोप है, वो भी बीजेपी का और जो पुलिस के साथ वहां गेट तोड़ने जाते हैं, वो भी बीजेपी के। एक ऐसा प्रकरण जिसके अंदर रात को 11 बजे रिपोर्ट दर्ज होती है। दो बजे आपकी पुलिस रेकी करने पहुंच जाती है। तीन बजे बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ का वीडियो दिखा दूंगा कि आपकी पुलिस वापस जाती है। सब्बल, हथौड़े लेकर जाते हैं, बिना लेडीज पुलिस के। उस घर का दरवाजा तोड़ा जाता है। आरोपी को अरेस्ट किया जाता है। एएसआई जांच करता है। एएसआई डीएसपी को फाइल भेज देता है। डीएसपी भी दूसरे सर्किल का लगा दिया जाता है। सारी डीवीआर, सीसीटीवी कैमरा, वहां से जो मोबाइल जब्त किए हैं, कहां है वो? पुलिस जब भी कार्रवाई करती है, वो सारे वीडियो व ई-साक्ष्य पर उसी समय अपलोड करने होते हैं। आप बता दीजिए अब तक अपलोड क्यों नहीं हुए? क्या ऐसा राज है। क्या यह घटना सच है, जो आप दबाना चाहते हैं। कौन वो लोग हैं, जिनको आप बचाना चाहते हैं। आपको तो पता ही नहीं है, दिल्ली से सीधा उदयपुर आईजी को फोन जाता है। जयपुर को तो पता ही नहीं है कि हो क्या रहा है। इस प्रकार की कार्रवाई और फिर जमानत भी नहीं होने दो। क्या सीएम उदयपुर फाइल्स की जांच कराएंगे? उदयपुर फाइल्स एपस्टीन से भी बड़ी फाइल है। सदन की मर्यादा रख रहा हूं, वरना एक-एक की पर्तें यहीं खुल जाएंगी, क्या बीजेपी के लोगों का यही कृत्य रह गया है। नेता प्रतिपक्ष ने सवा घंटे तक सीएम के सामने कई सियासी हमले किए 2 साल से आरसीए चुनाव क्यों नहीं
जूली ने कहा कि राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव हुए 2 साल का समय बीत गया है। आखिर चुनाव कब होगा? एसएमएस स्टेडियम में सरकार करोड़ों रुपए खर्च कर रही है। बीसीसीआई राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन पर बैन लगाने की तैयारी में है। खेल मंत्री को बाईपास कर राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन को ट्रस्ट बनाने की तैयारी की जा रही है। चश्मा बदलो-हकीकत देखो
जूली ने सीएम को पांच बार कहा कि अपना चश्मा बदलो। हम दोनों के चश्मा लगा है, लेकिन मेरा चश्मा तो जनता की पीड़ा और जमीनी हकीकत देखता है। अलवर में हुए अवैध पटाखा फैक्ट्री में नौ लोग जिंदा जल गए, सीएम के चश्मे से दर्द नहीं दिखा। एक पर भी एक्शन नहीं लिया। जैसलमेर और जयपुर हादसे में मारे गए लोगों के आश्रितों की आर्थिक सहायता पर सवाल किए। मोदी की गारंटी कब पूरी होगी
जूली ने कहा प्रधानमंत्री मोदी ने चुनाव पूर्व राजस्थान आकर गारंटी दी थी। क्या पेट्रोल डीजल और सीएनजी के भाव गुजरात और हरियाणा के बराबर हो गए? क्या गैस सिलेंडर की कीमत घट गई? क्या बिजली यूनिट फ्री कर दी? रोजगार दे दिए क्या? किसानों के साथ किए वादे पूरे हो गए? आज तक मोदी की एक दर्जन गारंटी अधूरी ही है। आईएएस को बना दिया टेलीफोन ऑपरेटर
जूली ने कहा कि सीएम ने 20 सीनियर आईएएस को टेलीफोन ऑपरेटर बना दिया। ये एक-एक अफसर 10-10 हजार लोगों के फोन सुन सकते हैं, उन्हें 10-10 फोन सुनने की जिम्मेदारी दे दी। राजस्थान दिवस की तारीख क्यों बदली?
जूली ने सीएम की अंग्रेजी व हिंदी जन्म तिथि बताते हुए कहा कि आप कौन सी तारीख पर जन्मदिन मनाते हो? आपने राजस्थान दिवस की अंग्रेजी तारीख बदलकर चैत्र शुक्ला प्रतिपदा कर दी। जब खुद का जन्म दिन अंग्रेजी मनाते हो तो राजस्थान का जन्मदिन क्यों बदला?

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *