राजस्थान में सोमवार (23 दिसंबर) को हुई सीजन की पहली बारिश (मावठ) के कारण शहरों में दिन का अधिकतम तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। दिन में शीतलहर चली। इससे ठिठुरन बढ़ गई। गंगानगर, चूरू, पिलानी (झुंझुनूं) में दिन का अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तक भी नहीं पहुंचा। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने आज (24 दिसंबर) राज्य के 18 जिलों में घना कोहरा छाने का येलो अलर्ट जारी किया है। 26 दिसंबर से एक बार फिर बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। इस दिन 9 जिलों में बारिश हो सकती है। 27 दिसंबर को जयपुर सहित 27 जिलों में बारिश होने का अलर्ट है। पिछले 24 घंटे में जयपुर, बीकानेर, चूरू, गंगानगर, हनुमानगढ़, झुंझुनूं समेत कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहे। कई जगह हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई। मौसम के इस बदलाव के कारण राजस्थान में दिन ठंडे हो गए। सबसे ज्यादा सर्द दिन कल माउंट आबू और हनुमानगढ़ में रहा। यहां का अधिकतम तापमान क्रमश: 15 और 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। गंगानगर में कल अधिकतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस, चूरू में 16.6 और पिलानी (झुंझुनूं) में 16.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बीकानेर में अधिकतम तापमान 18.2 डिग्री, सिरोही में 18 और जयपुर में 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पिलानी, चूरू में कल अधिकतम तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज हुई। रात का पारा चढ़ा, कड़ाके की सर्दी से राहत
बादल छाने और उत्तरी हवाओं का असर कम पड़ने के साथ ही रात का न्यूनतम तापमान चढ़कर कई शहरों में डबल डिजिट में आ गया। कोटा, सीकर, अजमेर, भीलवाड़ा, जयपुर, उदयपुर, बाड़मेर में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के पास दर्ज हुआ। बीकानेर में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री, जोधपुर और सीकर के पास फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। 22 दिसंबर की रात से बदला था मौसम
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर प्रदेश के विभिन्न जिलों में 22 दिसंबर की रात से ही दिखने लगा था। बीकानेर, श्रीगंगानगर और अनूपगढ़ में रात से ही रुक-रुक कर बारिश हुई थी। यह सिलसिला 23 दिसंबर सुबह तक जारी रहा था। वहीं जयपुर के कुछ इलाकों में दोपहर में बारिश हुई थी। सीकर के फतेहपुर और चूरू में भी सुबह हल्की बरसात हुई थी। कोटा, भरतपुर सहित कई जिलों में सुबह से ही बादल छाए हुए थे।


