भास्कर न्यूज | प्रतापगढ़ जिले में लंबे समय से बिक रही नकली बीड़ी का भंडाफोड़ करते 30 नंबर बीड़ी कंपनी तह तक पहुंची है। सामने आया कि 30 नंबर बीड़ी के दाम में बढ़ोतरी के साथ नकली बीड़ी सप्लाई होने लगी। भारत बीड़ी वर्क्स मेंगलोर कर्नाटका कंपनी के सर्वे मैनेजर अपनी टीम के साथ जिले सहित शहर के दुकानों पर घूम कर पता लगाया कि थोड़ा-थोड़ा माल लेकर मोटरसाइकिल पर एजेंट आते है वें यह बीड़ी कम दामों में दे रहे है। टीम ने पड़ताल की तो सामने आया कि उक्त नकली बीड़ी के कार्टून शहर के एमजी रोड स्थित कार्गो एजेंसी पर उतरते है। उसके बाद टीम ने पिछले 10 दिनों तक लगातार जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, पाली, गुजरात से आ रही बसों की रैकी शुरू की। 15 से अधिक बसों में आया सामान मैनेजर के अनुसार नकली बीड़ी को परखा। सीआई शंभूसिंह ने बताया कि सुबह 4:30 बजे जयपुर से आई स्लीपर से एक पार्सल उतरा। इसके बाद भारत बीड़ी वर्क्स मेंगलोर कर्नाटका के मैनेजर पंकज कुमार यादव, अनिल पूरी गोस्वामी द्वारा देखा तो सामने आया कि यह नकली बीड़ी के कार्टून है। इस पर “कालू प्रतापगढ़” लिखा था। टीम ने पार्सल लेने आ रहे उक्त व्यक्ति का इंतजार किया तो सुबह 10:15 बजे करीब सनावर उर्फ सन्नु खान निवासी दावद खेडी थाना वायडी नगर जिला मंदसौर अपनी मोटरसाइकिल लेकर कार्गो पर कार्टून लेने आया। तब कंपनी के मैनेजर और पुलिस ने उससे पूछा तो सामने आया कि यह पार्सल जयपुर से आया है। इसे लेकर मंदसौर के गांवों में सप्लाई करने जाएगा। इस बात की सूचना एसपी बी आदित्य को दी और प्रतापगढ़ पुलिस ने उक्त नकली बीड़ी के कार्टन को बरामद कर युवक सनावर उर्फ सन्नु खान को हिरासत में लिया। एक बोरी में 2 कार्टन थे। एक में 60 पुड़े होकर 120 पूड़े मिले। बताया गया की 30 नंबर बीड़ी असली की एक पूड़े की कीमत 490 है, वहीं नकली 150 में बेची जा रही है। 30 नंबर नकली बीड़ी लोगों के लिए और भी जानलेवा साबित हो रही है, क्योंकि एजेंटों द्वारा शहर सहित अन्य जिलो तक छोटे-छोटे सप्लायर के माध्यम से गली-मोहल्लों तक सप्लाई भेजी जा रही है।


