जयसिंहनगर में बाइक में लगाई आग:बोतल में पेट्रोल लेकर आया था, पीड़ित बोला- दीदी और जीजा से हुआ था आरोपी का विवाद

शहडोल जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की मोटरसाइकिल में दिनदहाड़े आग लगा दी गई। यह घटना बहेरहा गांव में हुई, जहां आरोपी ने बीच गांव में पेट्रोल डालकर बाइक को आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित युवक दीपू साकेत ब्यौहारी थाना क्षेत्र के छिरहा गांव का निवासी है। वह होली के अवसर पर अपने जीजा-दीदी के घर जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के बहेरहा गांव घूमने आया था। घटना के दिन दीपू अपनी मोटरसाइकिल से गांव की एक किराना दुकान पर सामान लेने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में आरोपी हीरालाल चौधरी अपनी बाइक से वहां पहुंचा और दीपू को रोककर उससे विवाद करने लगा। पीड़ित दीपू साकेत ने बताया कि आरोपी का कुछ दिनों पहले उसके जीजा और दीदी से विवाद हुआ था। इसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपी ने इस घटना को अंजाम दिया। पेट्रोल लेकर आया था प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी अपने साथ एक बोतल में पेट्रोल लेकर आया था। विवाद के दौरान उसने अचानक दीपू की मोटरसाइकिल पर पेट्रोल डाला और उसमें आग लगा दी। बाइक में आग लगते ही लपटें तेजी से फैल गईं। ग्रामीणों ने तुरंत पानी और अन्य साधनों से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी और देखते ही देखते बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई। आरोपी फरार घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जयसिंहनगर पुलिस ने बताया कि पीड़ित युवक की शिकायत पर आरोपी हीरालाल चौधरी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की विवेचना कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *