नगर के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से नगर पालिका की प्रेसिडेंट-इन-काउंसि ल (पीआईसी) की बैठक नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में बीते एक वर्ष की उपलब्धियों की समीक्षा की गई। बताया कि राज्य सरकार से 20 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास योजनाओं को स्वीकृति प्राप्त हुई है। परिषद ने इन योजनाओं के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए रणनीति तैयार की। बैठक में परिषद सदस्यों और अधिकारियों ने स्वीकृत कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधूरे कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण कराने पर जोर दिया। अध्यक्ष ने कहा कि परिषद की पहली जिम्मेदारी नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ विकास कार्यों को पूरा करने का संकल्प दोहराया। अध्यक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि जिन प्रमुख कार्यों को स्वीकृति मिली है, उनमें नालदा परिसर निर्माण, नाला एवं नाली निर्माण, पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ीकरण, सड़क निर्माण, विभिन्न स्थानों पर शेड निर्माण, तालाब सौंदर्यीकरण सहित अन्य आधारभूत अधोसंरचनात्मक कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और नागरिक सुविधाओं में व्यापक सुधार होगा। पेयजल और जल निकासी पर विशेष फोकस कर रहे अध्यक्ष सिन्हा ने बताया कि शहर में स्वच्छ और नियमित पेयजल आपूर्ति करने के लिए नई पाइपलाइन बिछाने, पुराने जलस्रोतों के रखरखाव और वितरण व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर सहमति बनी। साथ ही आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए नाला एवं नाली निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने का निर्णय लिया गया, ताकि जलभराव की समस्या से राहत मिल सके। बैठक में नगर पालिका उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, सभापति गौरव साहू, पंचू साहू, विकास तंबोली, नीतू कोठारी, आकिब मलकानी मौजूद रहे।


