लुधियाना|कबीर नगर, डाबा रोड स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूर को कथित तौर पर मजाक में जलजीरा बताकर केमिकल पिला दिया गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और बाद में उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान संदीप कुमार सिंह निवासी सेलूमऊ, जिला सीतापुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह कबीर नगर स्थित फैक्ट्री में काम करता था और वहीं रहता भी था। आरोप है कि रविवार देर शाम फैक्ट्री के एक कर्मचारी ने उसे जलजीरा बताकर कोई केमिकल पिला दिया। कुछ ही देर में संदीप की तबीयत बिगड़ने लगी और वह जमीन पर गिर पड़ा। हालत गंभीर होने पर फैक्ट्री मालिक उसे अस्पताल लेकर गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजन शेरपुर चौकी पहुंचे और शिकायत दर्ज कराने की मांग की। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज करने के बजाय जांच का हवाला दिया। वहीं शेरपुर चौकी इंचार्ज रणजीत सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


