जलदाय विभाग की कार्रवाई:10 किसानों ने मुख्य पाइप लाइन से अवैध कनेक्शन कर डिग्गियां भरी, रोजाना 25 से 30 लाख लीटर पानी चोरी

बाड़मेर-जैसलमेर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे निम्बासर व आगोरिया के खेतों में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की मुख्य पेयजल पाइप लाइन से पानी चोरी पकड़ी है। किसान पानी चोरी कर अपने खेतों में इसबगोल,जीरे और अरंडी की फसल उगाकर लाखों की कमाई कर रहे थे। ऐसे 10 किसानों को पानी चोरी करते पकड़ा गया है। इन्होंने मुख्य पाइप लाइन से इस तरह कनेक्शन ले रखे थे कि किसी को शक न हो। इसके लिए इन्होंने खेतों में डमी नलकूप बना रखे थे और एक पाइप का लड़ा उससे डिग्गी तक डाल रखा था। जब भी कोई टीम निरीक्षण के लिए जाती थी तो उन्हें नलकूप दिखाकर कहते कि हम यहां से पानी लेते हैं। जबकि यह पानी बाड़मेर लिफ्ट कैनाल की मुख्य पाइप लाइन से चोरी करते थे। इसमें इन्होंने दो से चार इंच के अवैध कनेक्शन कर रहे थे, कई किसानों ने चार से पांच किलोमीटर तक पाइप लाइन बिछाकर ​आगे डिग्गियां बनाकर पानी से भर रखी थी। बिजली का बिल मांगा तो पकड़ी गई चोरी, अवैध कनेक्शन हटाए शुक्रवार को बाड़मेर और जैसलमेर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी की टीमों ने 10 पानी चोरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज करवाया है। जलदाय विभाग के एसई हजारी राम बालवा के निर्देशन में अधिशाषी अभियंता खण्ड मोहनगढ़ नरेंद्र सिंह भाटी के सुपरविजन में बाड़‌मेर लिफ्ट परियोजना की 1000 एमएम व्यास की मुख्य पाइपलाइन पर अवैध कनेक्शन कर खेती करने की शिकायत पर सहायक अभियन्ता जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग मोहनगढ़ रोहित चतुर्वेदी एवं संवेदक गोदारा कंस्ट्रक्शन कंपनी की संयुक्त टीम ने सरहद निम्बासर एवं आगोरिया में 2 इंची से 4 इंची तक साइज के 10 अवैध कनेक्शन काटे। इस दौरान मौके पर पहुंची टीम ने देखा की प्रत्येक खेत में नलकूप बने हुए हैं और फसलें लहलहा रही है। संबंधित किसानों से जब पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि हम नलकूप से सिंचाई करते हैं। इस पर टीम ने लाइट के बिल मांगे। लाइट बिलों में बहुत कम राशि हाेने पर शक हुआ और नलकूप की जांच की तो सभी नलकूप डमी मिले। इसके बाद डिग्गियों की जांच कर लाइनों को उखाड़ने की कार्रवाई शुरू की। कुछ किसानों के दो-दो अवैध कनेक्शन लिए इन अवैध पानी कनेक्शन से प्रतिदिन 25 से 30 लाख लीटर पेयजल की चोरी करके अवैध तरीके से खेती की जा रही थी तथा बड़ी बड़ी डिग्गियां बनाकर भर रहे थे।पानी चोरी के मुख्य आरोपी मोहम्मद जुम्मा, मोहम्मद रहीम के दो-दो कनेक्शन काटे गए। वहीं मीरा खान, मोहम्मद, मूल सिंह, पहाड़ सिंह के एक एक कनेक्शन सहित 10 कनेक्शन काटे। इन सभी पानी चोरों के खिलाफ मामला दर्ज करवाकर भारी जुर्माना वसूला जाएगा तथा अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान टीम ने जेसीबी से नलकूप की खुदाई की गई तो नलकूप महज डेमो के तौर पर लगा नजर आया। इसके बाद अवैध कनेक्शन की पाइप लाइनों को उखाड़ा गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *