झालावाड़ में जलदाय विभाग ने गर्मी के मौसम में पेयजल संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए एक जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया है। जिले का कोई भी उपभोक्ता अपनी पेयजल समस्या की जानकारी कंट्रोल रूम के नंबर 07432-230454 पर दे सकेगा। गर्मी की शुरुआत के साथ ही जिले में पानी की खपत बढ़ जाती है, जिससे पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका रहती है। इन समस्याओं की जानकारी सीधे उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने और उनके शीघ्र समाधान के लिए यह कंट्रोल रूम जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) कार्यालय, झालावाड़ में स्थापित किया गया है। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग झालावाड़ के अधीक्षण अभियंता अमर सिंह मीणा ने बताया कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल वितरण की प्रभावी निगरानी और शिकायतों के समाधान के लिए सहायक अभियंता ओम प्रकाश महावर को कंट्रोल रूम का प्रभारी तथा पवन कुमार सच्चर को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। प्राप्त शिकायतों की जानकारी प्रतिदिन सुबह 8 बजे उच्चाधिकारियों को देनी होगी। कंट्रोल रूम के कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे उपभोक्ताओं से शालीनता और संयमित भाषा में बात करें। फोन उठाने पर उन्हें “नमस्कार कंट्रोल रूम पीएचईडी झालावाड़” कहकर अभिवादन करना होगा, ताकि शिकायतकर्ता को उचित व्यवहार का अनुभव हो।


