भास्कर न्यूज | पथरिया नगर पंचायत पथरिया में इन दिनों सरकारी जमीनों की धड़ल्ले से हो रही खरीदी-बिक्री और अतिक्रमण ने विकराल रूप ले लिया है। भू-माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब जलाशय, स्कूल और प्रस्तावित कॉलेज परिसर की जमीनें भी सुरक्षित नहीं हैं। विशेषकर वार्ड क्रमांक 1 लछनपुर में अतिक्रमणकारियों का खुला आतंक देखने को मिल रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश है। शिकायत के अनुसार, वार्ड क्रमांक 01 में स्थित जलाशय, विद्यालय, उप-स्वास्थ्य केंद्र, आईटीआई परिसर और पॉलिटेक्निक कॉलेज के लिए प्रस्तावित भूमि पर अवैध कब्जा किया जा रहा है। जागरूक नागरिकों और वार्ड पार्षदों ने इस संबंध में राजस्व विभाग और नगर पंचायत को लिखित शिकायत सौंपी है। वार्ड नंबर 1 और 15 में शासकीय जमीनों पर दर्जनों कच्चे-पक्के मकान तन चुके हैं। तालाब के किनारे वर्तमान में 10 से 15 नए मकानों का निर्माण जारी है। चौंकाने वाली बात यह है कि इसमें स्थानीय लोगों के साथ बाहरी गांवों के लोग भी शामिल हैं। हाईटेक बस स्टैंड का निर्माण कार्य अभी पूरा भी नहीं हुआ है कि उसके आसपास की सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों की होड़ मच गई है। शिकायतकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने तुरंत बुलडोजर नहीं चलाया और अवैध निर्माण नहीं रुकवाया, तो नगरवासी कार्यालय का घेराव कर उग्र प्रदर्शन करेंगे। नगर के वरिष्ठ नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने नगर पंचायत प्रशासन पर दोहरा खेल खेलने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि माफिया पहले कब्जा कर मकान बनाते हैं। बाद में नगर पंचायत उन्हीं अवैध मकानों को बिजली, सड़क और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करा देती है। बिना एनओसी के बिजली-पानी के कनेक्शन मिलना साबित करता है कि विभाग की मिलीभगत है। शिकायत मिली है पथरिया सीएमओ अनुराधा राजमणि ने कहा कि बेजा कब्जा के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई है। जल्द ही अतिक्रमण हटाया जाएगा।


