छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुलहक ने जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा की। जिला कलेक्टोरेट के मनियारी सभाकक्ष में आयोजित बैठक में उन्होंने विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। सचिव ने समूह जल प्रदाय योजना, एकल ग्राम योजना और सोलर योजना की समीक्षा की। उन्होंने माइक्रो प्लानिंग और जलस्रोत संरचनाओं के निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया। सचिव ने स्पष्ट किया कि जल जीवन मिशन शासन की शीर्ष प्राथमिकता है। बैठक में हर घर जल प्रमाणीकरण की प्रगति पर चर्चा हुई। सचिव ने खराब प्रदर्शन करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने के आदेश दिए। उन्होंने गांवों में पंप चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई और इसे गंभीर अपराध बताते हुए कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों की निरंतर निगरानी के निर्देश सचिव ने योजनाओं को ब्लॉक वार टारगेट के साथ पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने मल्टी विलेज स्कीम के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की निरंतर निगरानी के निर्देश दिए। सचिव ने अधिकारियों से संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ काम करने की अपेक्षा की, ताकि यह महत्वाकांक्षी योजना समय पर पूरी हो सके। 11 हजार 50 घरों में होगा नल कनेक्शन पीएचई के ईई कुन्दन राणा ने बताया कि जिले में दो समूह जल प्रदाय योजनाओं के अंतर्गत 240 ग्रामों के 68 हजार 45 घरों को नल कनेक्शन से जोड़ा जाना है। वहीं, एकल ग्राम योजना के तहत 1 लाख 56 हजार 779 घरों और सोलर योजना के अंतर्गत 11 हजार 50 घरों में नल कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे। शासन के निर्देशानुसार जिले में जल जीवन मिशन के अंतर्गत कार्य युद्धस्तर पर किए जा रहे हैं। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जल जीवन मिशन के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लक्ष्य अनुरूप आवश्यक प्रगति लाने की बात कही। इस अवसर पर मुख्य अभियंता बिलासपुर संजय सिंह, अधीक्षण अभियंता बिलासपुर परीक्षित चौधरी, अधीक्षण अभियंता ए.के. माल्वे मौजूद रहे।


