देवास | जिले में जल संचय जनभागीदारी के तहत भू-जल स्तर में वृद्धि के उद्देश्य से अमृत संचय अभियान शुरू किया था। इसमें जल संरचनाओं का मूल्यांकन भारत सरकार का जल शक्ति मंत्रालय कर रहा है। गुरुवार को मूल्यांकन टीम ने कई संरचनाओं का निरीक्षण कर इन कोशिशों की सराहना की है। भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के निर्देश पर केंद्रीय जल आयोग के सहायक निदेशक-2 नरेश कुमार रोहित ने शहर में जन भागीदारी से निर्मित जल संरचनाओं का निरीक्षण किया। रोहित को केंद्रीय जल आयोग ने देवास जिले का नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। उनके साथ अमृत संचय अभियान की नोडल अधिकारी एवं संयुक्त कलेक्टर प्रियंका मिमरोट, गंगासिंह सोलंकी, मनीष वैद्य, हिमांशु कुमावत आदि उपस्थित थे। शुक्रवार को बागली, कन्नौद और शनिवार को देवास के ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरचनाओं का निरीक्षण करेंगे।


