जल संरक्षण का संदेश लेकर अणत पहुंची वाटरशेड यात्रा:23 गांवों में 5331 हेक्टेयर क्षेत्र में होगा जल संरक्षण, वर्षा जल संरक्षण पर दिया जोर

प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 के तहत वाटरशेड यात्रा ग्राम पंचायत अणत में पहुंची। ब्लॉक नोडल अधिकारी अखिलेश पटेल ने बताया कि इस परियोजना में 9 ग्राम पंचायतों के 23 गांवों में कुल 5331 हेक्टेयर क्षेत्र को उपचारित किया जाएगा। प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन के तहत अमृत सरोवर, एनीकट और पक्का चैक डेम बनाए जा रहे हैं। खेतों में मेड़बंदी कार्य भी किए जा रहे हैं। इन कार्यों से भू-जल स्तर में वृद्धि होगी। अब तक 412.65 लाख रुपए की लागत से 102 कार्य पूरे किए जा चुके हैं। उत्पादन गतिविधि के तहत 64.50 लाख रुपए की लागत से 173 केटलशेड कार्य पूरे हो गए हैं। जीविकोपार्जन के लिए स्वयं सहायता समूहों को रिवोल्विंग फंड से सहायता दी गई है। 131 समूहों को 46.45 लाख रुपए और व्यापार के लिए 63 समूहों को 70.25 लाख रुपए दिए गए हैं। जिला नोडल अधिकारी मनोज कुमार ने वर्षा जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच श्रीमती सीता देवी मीणा ने की। मुख्य अतिथि प्रधान हकरी देवी मीणा ने स्थानीय लोगों को जल संरक्षण में भागीदारी के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में राजीविका स्वयं सहायता समूह, स्थानीय महिलाएं और राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल अणत के विद्यार्थियों ने प्रभात फेरी और कलश यात्रा में हिस्सा लिया। श्रमदान कार्यक्रम के साथ जिले में वाटरशेड यात्रा का समापन हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *