जल संरक्षण के लिए ग्रामीणों को किया प्रेरित

भास्कर न्यूज | बालोद ग्राम रेंगनी में चल रहे तालाब गहरीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने किया। उन्होंने मौके पर कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा कार्यरत ग्रामीणों के बीच बैठकर चर्चा की। कलेक्टर ने जल संरक्षण के महत्व पर बल देते हुए कहा कि जल का संरक्षण एवं संवर्धन जनभागीदारी से ही संभव है। उन्होंने तालाब गहरीकरण कार्य में लगे 172 मजदूरों से उनके कार्य एवं मजदूरी भुगतान की जानकारी ली। सभी निर्माणाधीन कार्यों को 15 मार्च तक गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बताया कि विकसित भारत जी राम जी योजना अंतर्गत लोगों को 125 दिवस का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी ने ग्रामीणों को योजना के प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत जल संरक्षण एवं संवर्धन, आजीविका संवर्धन, वनीकरण, बाढ़ आपदा प्रबंधन तथा ग्रामीण अधोसंरचना विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। अधिकारियों ने हितग्राहियों से प्रत्येक घर में सोखता निर्माण करने, गांव को स्वच्छ रखने तथा धान की खेती के स्थान पर गन्ना की खेती को बढ़ावा देने का आह्वान किया। कलेक्टर ने ग्राम रेंगनी में ग्रीष्मकालीन धान के स्थान पर गन्ना फसल लेने की तैयारी कर रहे एक किसान के खेत का भी अवलोकन किया। उन्होंने किसान को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि गन्ना की फसल अधिक लाभकारी सिद्ध हो सकती है। अन्य किसानों को भी फसल विविधीकरण अपनाने की सलाह दी। इस अवसर पर एसडीएम शिवनाथ बघेल, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पंकज देव एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *