भास्कर न्यूज | गिरिडीह बनहत्ती स्थित स्कॉलर बीएड कॉलेज में एनएसएस की ओर से जल संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। कार्यक्रम का संचालन प्राचार्या डॉ शालिनी खोवाला के मार्गदर्शन में हुआ। शुरुआत में महाविद्यालय परिसर में जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। डॉ शालिनी ने कहा कि जल जीवन के लिए जरूरी है। यह कृषि, उद्योग और अर्थव्यवस्था को भी प्रभावित करता है। अनावश्यक जल बर्बादी को रोकना होगा। सभी को जल का विवेकपूर्ण उपयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि घर के पास गड्ढा खोदकर बेकार पानी को जमा करें। एक-एक पेड़ जरूर लगाएं। तभी जल बचाकर पृथ्वी को सुरक्षित रखा जा सकता है। वहीं प्रशिक्षु छात्रों ने गोद लिए गांव में जाकर लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि गर्मी के मौसम में घर के पास किसी बर्तन में पानी रखें ताकि पशु-पक्षी प्यास से न मरें। इसके बाद प्रशिक्षुओं ने गांव के छोटे बच्चों के बीच कॉपी और पेंसिल का वितरण किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में एनएसएस समन्वयक डॉ सुधांशु शेखर जमैयार और डॉ राजेंद्र प्रसाद की अहम भूमिका रही। महाविद्यालय के सभी सहायक व्याख्याता, शिक्षकेत्तर कर्मचारी और सैकड़ों प्रशिक्षु छात्र-छात्राएं मौजूद रही।


