भास्कर संवाददाता | बड़वानी दस जनवरी से जारी जल सुनवाई में नगर पालिका परिषद ने अब तक पांच वार्डों में शिविरों का आयोजन कर लिया है। इसी कड़ी में मंगलवार को स्वच्छ जल अभियान के अंतर्गत वार्ड क्रमांक पांच में जल सुनवाई शिविर आयोजित किया गया। सीएमओ सोनाली शर्मा ने बताया कि अब शिविरों में पानी की गुणवत्ता के मामलों से ज्यादा पाइप लाइन लीकेज जैसे मामले अधिक आ रहे हैं। हमारी टीम इनका भी मौके पर ही निराकरण कर रही है। शिविर में जल गुणवत्ता परीक्षण का कार्य अमृत मित्र महिलाएं कर रहीं हैं। साथ ही जल प्रदाय से संबंधित शिकायतों को दर्ज कर उन्हें हल किया जा रहा है। इस दौरान 24 घरों के जल नमूनों की जांच फील्ड टेस्ट किट के माध्यम से की गई। साथ ही जल प्रदाय के अंतर्गत तीन लीकेज की समस्या के आवेदन भी प्राप्त हुए। इस दौरान सीएमओ सोनाली शर्मा, सहायक यंत्री पुष्पराज अजनारे, उपयंत्री मुन्नालाल चौहान, पार्षद गजेंद्र सोनाने सहित नपा की टीम उपस्थित रही।


