भास्कर न्यूज | जालोर जालोर में गुरुवार दोपहर सांकरणा के पास जवाई नदी के पुल से गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। वहीं हादसे में बेटी घायल हो गई, जबकि दोनों बच्चों को कोई चोट नहीं आई। हादसा गुरुवार दोपहर सांकरणा पुलिया पर हुआ। ऐलाना गांव निवासी कानाराम (65) पुत्र प्रभुराम सैन अपनी बेटी रेखा और दो दोहितों को ससुराल सांकरणा छोड़ने के लिए मोपेड से जा रहे थे। रेखा के छोटे बेटे का ढूंढ कार्यक्रम होने से वे उसे ससुराल छोड़ने जा रहे थे। पुलिया पार करते समय अचानक मोपेड का संतुलन बिगड़ गया और वाहन करीब 8 फीट नीचे नदी में जा गिरा। पुलिया के पास बनी रपट पर गिरने से कानाराम और उनकी बेटी रेखा घायल हो गए। घायलों को एम्बुलेंस की मदद से जालोर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने कानाराम को मृत घोषित कर दिया। वहीं रेखा को प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया गया।


