जशपुर के सुरंगपानी धान उपार्जन केंद्र में कथित गड़बड़ी:कांग्रेस बोली- भाजपा पदाधिकारियों की संलिप्तता, उच्च स्तरीय जांच और केस दर्ज करने की मांग

जशपुर जिले के पत्थलगांव ब्लॉक स्थित सुरंगपानी धान उपार्जन केंद्र में कथित धान खरीदी गड़बड़ी को लेकर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। कांग्रेस ने भाजपा पदाधिकारियों की संलिप्तता का आरोप लगाते हुए उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर केस दर्ज करने की मांग की है। सोमवार को नगर पंचायत कुनकुरी के अध्यक्ष विनयशील गुप्ता ने आरोप लगाया कि सुरंगपानी केंद्र में 14 किसानों के पंजीकृत रकबे के रिकॉर्ड से छेड़छाड़ कर फर्जी धान खरीदी की गई। उन्होंने दस्तावेज दिखाते हुए बताया कि कर्राबेवरा निवासी किसान मनधरो यादव के खाते में चिंताराम, मोहरमति, राधिका के नाम जोड़े गए। जबकि मनधरो और चिंताराम के बीच कोई पारिवारिक संबंध नहीं है। ऐसे कुल 14 मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन जिला प्रशासन अब तक मौन है। उनके अनुसार पंजीकृत रकबे में हेरफेर कर बड़े पैमाने पर फर्जी धान खरीदी की गई। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर सड़क पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा। बिचौलियों का धान खपाने की आशंका कांग्रेस नेताओं ने आशंका जताई कि पंजीकृत रकबे में गड़बड़ी कर बिचौलियों, कोचियों का धान मंडी में खपाया गया। विनयशील गुप्ता ने दावा किया कि कर्राबेवरा के एक किसान के रकबे में गड़बड़ी कर 107 क्विंटल धान खरीदा गया। भौतिक सत्यापन के दौरान उसके पास धान उपलब्ध नहीं मिला। इसके बावजूद खाते में धान खरीदी दर्ज कर भुगतान कर दिया गया। पार्टी ने यह भी आशंका जताई कि ऐसी अनियमितताएं जिले के अन्य उपार्जन केंद्रों में भी हो सकती हैं। पूरे जिले में धान खरीदी प्रक्रिया की व्यापक जांच की मांग की गई है। भाजपा नेताओं पर संलिप्तता का आरोप प्रदेश सचिव रत्ना पैंकरा ने कहा कि धान खरीदी प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस लगातार प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर अनियमितताओं की जानकारी देती रही, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने गंभीरता नहीं दिखाई। उनके अनुसार बोगस धान खरीदी हुई, सरकारी धन का दुरुपयोग भी हुआ। विनयशील गुप्ता और रत्ना पैंकरा ने आरोप लगाया कि सुरंगपानी उपार्जन केंद्र में भाजपा के एक पदाधिकारी को पहले कंप्यूटर ऑपरेटर, बाद में फड़ प्रभारी बनाया गया। वहीं से पूरे गड़बड़ी तंत्र का संचालन हुआ। प्रशासन का पक्ष इस मामले में डीएमओ एसके गुप्ता ने कहा कि रकबा बढ़ाकर धान खरीदी का मामला संज्ञान में आया है। राजस्व विभाग के सहयोग से जांच की जाएगी। दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी। भाजपा ने आरोपों को बताया निराधार जिला भाजपा अध्यक्ष भरत सिंह ने कांग्रेस के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा, “मामले की जांच चल रही है। जांच रिपोर्ट में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। भाजपा नेताओं की संलिप्तता का आरोप बेबुनियाद है। कांग्रेस केवल आरोप लगाने का काम करती है।”

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *