छत्तीसगढ़ के जशपुर में डेढ़ करोड़ रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब पकड़ी की गई है। शराब को ट्रक में सीमेंट की बोरियों के नीचे छिपाकर रखा गया था। ट्रक से 790 पेटियां में कुल 22,536 बोतलों में 7,015 लीटर शराब बरामद किया गया है। यह शराब पंजाब से झारखंड और बिहार भेजी जा रही थी, जिसे जशपुर पुलिस ने दुलदूला थाना क्षेत्र के लोरो घाट के पास पकड़ा है। इस मामले में एक ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया है जशपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पंजाब से एक 12 चक्का अशोक लीलैंड ट्रक (क्रमांक PB 11CP2003) में अवैध अंग्रेजी शराब लोड कर झारखंड और बिहार की ओर भेजा जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ट्रक को ट्रैक करना शुरू किया। लोरो घाट के पास, सरदार ढाबा के नजदीक पुलिस ने घेराबंदी की और ट्रक को रोका। तलाशी के दौरान ट्रक में 100 से अधिक सीमेंट की बोरियां पाई गईं, जिसके नीचे ढेर सारी पेटियां रखी हुई थी। पुलिस ने जब पेटियों को खोलकर देखा तो उसमें शराब की बोतलें थी। बोरियों को हटाने पर भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जब्त किए गए शराब की 790 पेटियां हैं। इन सभी पेटियों में कुल 22,536 बोतलें थीं, जिनकी कुल मात्रा 7,015 लीटर थी। जब्त की गई शराब की अनुमानित बाजार कीमत लगभग डेढ़ करोड़ रुपये है। पुलिस ने शराब के साथ ट्रक भी जब्त कर लिया है। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को किया गिरफ्तार पुलिस ने ट्रक ड्राइवर श्रवण सिंह (43 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। ट्रक ड्राइवर पंजाब के जिला सरनताल के चंबा थाना श्रेहाली का रहने वाला है। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह ट्रक को पंजाब के जालंधर से हजारीबाग, झारखंड ले जा रहा था। उसने पुलिस को यह भी बताया कि उसे सिर्फ लोडेड ट्रक सौंपा जाता था, और हजारीबाग पहुंचने पर तस्करों की दूसरी टीम ट्रक से शराब उतारकर उसे नकद राशि देकर वापस भेज देती थी। ड्राइवर को न तो शराब लोडिंग और न ही अनलोडिंग जगह की जानकारी है। पुलिस की नजर से बचने सीमेंट की बोरियों के नीचे छिपाया पुलिस ने जांच में पाया कि तस्करों ने शराब को ट्रक में छिपाने के लिए सीमेंट की बोरियों का इस्तेमाल किया था, ताकि यह पुलिस की नजर से बच सके। इसके अलावा, तस्करों ने ऐसे मार्गों का चयन किया, जहां टोल नाके कम हों और चेकिंग की संभावना न्यूनतम हो। उन्होंने ग्रामीण पक्की सड़कों का उपयोग किया, ताकि पुलिस जांच से बचा जा सके। चालक ने यह भी बताया कि तस्कर शराब की बोतलों के होलोग्राम और बैच नंबर पहले ही हटा देते थे, ताकि इनकी ट्रैकिंग न हो सके। ड्राइवर ने बताया कि वह 13 फरवरी को जालंधर से रवाना हुआ था और अब तक 1,571 किमी की यात्रा पूरी कर चुका था। शराब तस्करी में अंतरराज्यीय गिरोह लिप्त् एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि यह एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह है जो शराब तस्करी में लिप्त है। पुलिस अब ड्राइवर के मोबाइल की जांच कर रही है, जिससे गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाया जा सके। साइबर सेल की मदद से पुलिस ‘एंड टू एंड’ जांच कर रही है और जल्द ही इस गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा। ……………………………………………….. इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें बिलासपुर में 1 करोड़ की पकड़ाई अंग्रेजी शराब:कंटेनर से 1000 पेटी शराब जब्त, गोवा से भूटान जा रहा था,छत्तीसगढ़ में खपाने की थी तैयारी छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में निकाय चुनाव के बीच एक करोड़ रुपए की अंग्रेजी शराब पकड़ी गई है। कंटेनर के अंदर से एक हजार पेटी शराब बरामद किया गया है। इस शराब को गोवा से भूटान के लिए फर्जी परमिट पर भेजा जा रहा था। घटना चकरभाठा थाना क्षेत्र के छतवना की है। पढ़ें पूरी खबर…


