जशपुर जिला प्रशासन ने होलिका दहन, होली और ईद-उल-फितर पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को संयुक्त शांति समिति की बैठक आयोजित की। यह बैठक जिला कार्यालय के सभाकक्ष में हुई, जिसमें कानून-व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात प्रबंधन और साफ-सफाई व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में अपर कलेक्टर प्रदीप साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार और नगर पालिका अध्यक्ष अरविन्द भगत सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और अलग-अलग विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असामाजिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपर कलेक्टर ने सीएमएचओ को पर्वों के दौरान जिला अस्पताल और अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त चिकित्सकीय स्टाफ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने रेड क्रॉस सोसाइटी को भी आपातकालीन स्थितियों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध रखने को कहा। प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात होंगे सुरक्षा व्यवस्था के तहत पर्यटन स्थलों, नदी-झरनों और प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए। किसी भी दुर्घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए आवश्यकतानुसार गोताखोरों की तैनाती भी सुनिश्चित करने को कहा गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार ने बताया कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जाएगी। पुलिस बल द्वारा नियमित गश्त बढ़ाई जाएगी और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरती जाएगी। सड़क किनारे दुकानें न लगाने की हिदायत उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नशे की हालत में वाहन चलाने, तेज गति से गाड़ी चलाने, सड़क पर हुड़दंग करने या यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हेलमेट जांच अभियान भी जारी रहेगा। व्यवसायियों को सड़क किनारे दुकानें न लगाने की हिदायत दी गई है, ताकि यातायात जाम की स्थिति न बने। बैठक में नगर जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगाराम भगत सहित अन्य जनप्रतिनिधि, व्यवसायी और आम नागरिक भी मौजूद रहे। सभी ने प्रशासन को सहयोग का आश्वासन दिया और पर्वों को आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। आपात स्थिति में पुलिस को करें सूचित जिला प्रशासन ने लोगों से अपील है कि वे होलिका दहन, होली और ईद-उल-फितर जैसे पावन पर्वों को शांति, सौहार्द और सामाजिक समरसता के साथ मनाएं और किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन और पुलिस को सूचित करने की अपील भी की गई है।


