छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पूर्व बीडीसी सदस्य प्रदीप कुमार गुप्ता पर लोहे की रॉड से हमला हुआ है। ग्राम केराडीह में प्रदीप हार्डवेयर का दुकान चलाते हैं। 1 जून की शाम अपनी दुकान के सामने एक फल विक्रेता और एक युवक के बीच हो रहे झगड़े को निपटाने गए थे। इसी दौरान बरटोली के रहने वाले सामवेल टोप्पो (23 साल) ने लोहे की रॉड से उनके सिर पर मार दिया। हमले में प्रदीप गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें कुनकुरी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला नारायणपुर थाना क्षेत्र का है। वहीं, जशपुर पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस ने 3 दिनों में 7 लापता लोगों को खोज निकाला है। ये सभी लोग जशपुर जिले के पत्थलगांव, कुनकुरी और बगीचा थाना क्षेत्र से गायब थे। जिसे उनके परिजन से मिलाया गया। मुंबई भागने की फिराक में था आरोपी पूछताछ में पता चला कि आरोपी मुंबई में मजदूरी करता है और कुछ दिनों के लिए गांव आया था। घटना के बाद वह मुंबई भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी गिरफ्तार, भेजा जेल पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(2) और 109(1) के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके पास से हमले में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड बरामद कर ली गई है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। जशपुर पुलिस ने 3 दिनों में 7 लापता लोगों को खोजा वहीं, जशपुर पुलिस ने 1 जून से ‘ऑपरेशन तलाश’ की शुरुआत की। इस अभियान के तहत जशपुर पुलिस ने तीन दिनों में सात लापता लोगों को खोजकर उनके परिजनों से मिलाया। ये सभी लोग जशपुर जिले के पत्थलगांव, कुनकुरी और बगीचा थाना क्षेत्र से गायब थे। पत्थलगांव थाना क्षेत्र से एक महिला अपनी नातिन के साथ 14 फरवरी 2025 को लापता हुई थी। पुलिस ने पता लगाया कि महिला ने अपनी मर्जी से शादी कर ली थी। एक अन्य महिला 2021 से लापता थी। वह शादी के बाद दूसरी जगह रह रही थी। इसी क्षेत्र से एक 23 वर्षीय युवक काम की तलाश में हरियाणा चला गया था। कुनकुरी थाना क्षेत्र से 28 मई 2025 को एक महिला पति से नाराज होकर चली गई थी। पुलिस ने उसे जशपुर से बरामद किया। बगीचा थाना क्षेत्र से 2022 में लापता 27 वर्षीय महिला हरियाणा में काम कर रही थी। उसने घरवालों की मर्जी के बिना शादी की थी। 3 अप्रैल 2025 को लापता हुई 38 वर्षीय महिला पति से विवाद के बाद अंबिकापुर में रिश्तेदार के यहां रह रही थी। 2024 में लापता हुए 47 वर्षीय राजू दास महंत तमिलनाडु में काम कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें फोन के जरिए परिवार से संपर्क कराया।