जांजगीर-चांपा में गांजा तस्करी मामले में कार्रवाई:जांच में महासमुंद से एक और आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग के साथ दो पहले हो चुके हैं अरेस्ट

जांजगीर-चांपा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। एनडीपीएस एक्ट के तहत जांच करते हुए महासमुंद जिले से एक और आरोपी विमल कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। इस मामले में पहले भी दो आरोपी और एक नाबालिग को पकड़ा जा चुका है। पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना शिवरीनारायण में एनडीपीएस एक्ट के तहत यह कार्रवाई की गई। इसी कड़ी में, बानोभाठा, थाना बलौदा, जिला महासमुंद निवासी 23 वर्षीय आरोपी विमल कुमार को उसके घर से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने ओडिशा से मंगवाया था गांजा पूछताछ के दौरान आरोपी विमल कुमार ने बताया कि 4 जनवरी 2026 को उसने परिचितों के जरिए ओडिशा के बलांगीर जिले के कंटामाल (थाना लाइसिंघा) से गांजा मंगवाया था। उसने बताया कि ‘सिग्नेचर पान मसाला’ लिखे एक थैले में लगभग 15 किलोग्राम गांजा (15 पैकेट) लाया गया था, जिसे आगे सप्लाई करने की योजना थी। इसके बदले में फोन-पे के माध्यम से भुगतान किया जाना था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पर्याप्त सबूत मिलने के बाद विमल कुमार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस पूरे प्रकरण में अब तक कुल 15.700 किलोग्राम गांजा, घटना में प्रयुक्त एक ईको कार, और दो मोबाइल फोन सहित कुल 13 लाख 5 हजार रुपए की सामग्री जब्त की जा चुकी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *