जांजगीर-चांपा में तेज रफ्तार कार ने बाइक-सवार को मारी टक्कर,मौत:छठी कार्यक्रम में शामिल होने आया था युवक,वारदात सीसीटीवी में कैद,पुलिस ने शुरू की जांच

जांजगीर-चांपा जिले में एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। इस हिट-एंड-रन की घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह हादसा ग्राम जगमहंत और बूढ़ेना के बीच सड़क पर हुआ। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को नवागढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। छठी कार्यक्रम में शामिल होने आया था युवक मृतक की पहचान पामगढ़ विकासखंड के ग्राम जेवरा निवासी 20 वर्षीय विनय सागर के रूप में हुई है। विनय अपने परिवार के साथ नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम चौराभाटा में एक रिश्तेदार के यहां छठी कार्यक्रम में शामिल होने आया था। परिजनों के अनुसार, वह बाइक में पेट्रोल डलवाने की बात कहकर घर से निकला था। टक्कर के बाद कार चालक फरार राहगीरों ने बताया कि एक सफेद रंग की तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को टक्कर मारी और जांजगीर की ओर फरार हो गई। सड़क किनारे लगे दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक सफेद मारुति कार दिखी, जिसका अगला हिस्सा डैमेज था। कार में नंबर प्लेट भी नहीं थी और उसे ‘सोल्ड’ गाड़ी बताया जा रहा है। नवागढ़ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। मामले की आगे की जांच पड़ताल जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *