जांजगीर-चांपा में दो बाइक की टक्कर, एक की मौत:तीन घायल, मिनी डेम पर हुआ हादसा, टक्कर के बाद बाइक सवार नदी में गिरा

जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। यह घटना ग्राम भटली के पास हसदेव नदी पर बने मिनी डेम के ऊपर दो बाइकों की टक्कर के कारण हुई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, ग्राम भटली से होकर गुजरने वाली हसदेव नदी पर दोनों छोरों को जोड़ने के लिए एक मिनी डेम का निर्माण किया गया है। इसी डेम के ऊपर दो तेज रफ्तार बाइकें आपस में टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बाइक सवार युवक सुमित दास (22) निवासी चांपा अपनी बाइक सहित अनियंत्रित होकर हसदेव नदी में जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। नदी में गिरे युवक का शव निकाला गया दूसरी बाइक पर सवार विकास यादव, अमन खन्ना और मृतक सुमित का छोटा भाई प्रहलाद दास इस हादसे में घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहीं, मृतक सुमित दास के शव को हसदेव नदी से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही नवागढ़ थाना प्रभारी कमलेश संडे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों का उपचार जारी है और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *