जांजगीर-चांपा में युवक की हत्या, तालाब में मिला शव:बहन से फोन पर बात करने से नाराज नाबालिग भाई ने दोस्तों संग की वारदात

जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम धरदेई में युवक राहुल चौहान का शव तालाब के अंदर मिला। शरीर पर चोट के निशान थे, जिससे पता चला कि धारदार हथियार से कई बार हमला कर उसकी हत्या की गई थी। जांच में पता चला कि यह हत्या नाबालिग बालक और उसके 6-7 दोस्तों ने मिलकर की थी। इस घटना की वजह यह थी कि राहुल चौहान उसकी बहन से फोन पर बात करता था, जो आरोपी को नागवार लगी। पुलिस ने इस मामले में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। वहीं, चार नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा गया है। बाकी आरोपी अभी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है। यह मामला शिवरीनारायण थाना क्षेत्र का है। एएसपी उमेश कश्यप ने बताया कि 11 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम धरदेई के पुरेना तालाब में एक अज्ञात युवक का शव मिला है। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान कराई। शव की पहचान सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के भटगांव थाना क्षेत्र के ग्राम दर्रा निवासी राहुल चौहान के रूप में हुई। मौसी के घर से लौटते समय हुई घटना परिजनों के अनुसार, राहुल अपने एक दोस्त के साथ शिवरीनारायण मेले में घूमने जाने की बात कहकर घर से निकला था। पुलिस ने राहुल के दोस्त से पूछताछ की। उसने बताया कि मेला घूमने के बाद वे शाम करीब 5-6 बजे राहुल की मौसी के घर गए थे और लगभग 6 बजे घर से निकले। पुलिस को पता चला कि नाबालिग बालक को यह पता था कि राहुल उसकी बहन से फोन पर बात करता है। इसे लेकर वह नाराज था। जब राहुल अपने दोस्त के साथ घर से निकला, तो नाबालिग और उसके 6-7 दोस्त उसे घेरकर मारपीट करने लगे। राहुल भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन उन्हें पकड़ लिया गया और धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। शव को छुपाने के लिए पुरेना तालाब में फेंक दिया गया। राहुल चौहान के शरीर पर लगी चोटों से हत्या का संकेत मिला। पुलिस ने मृतक के दोस्त की जानकारी के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। इस दौरान एक नाबालिग पकड़ा गया। पूछताछ में उसने बताया कि उसने अपने 6-7 दोस्तों के साथ मिलकर मारपीट कर राहुल की हत्या की और शव को छुपाने के लिए पुरेना तालाब में फेंक दिया। शिवरीनारायण पुलिस ने अब तक 2 आरोपियों कोमल कर्ष (23 वर्ष) और राजवीर अनंत (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। वहीं, घटना में शामिल 4 नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा गया है। बाकी आरोपी अभी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *