जांजगीर-चांपा जिले के पुलिस कंट्रोल रूम में साइबर थाने का औपचारिक शुभारंभ कर दिया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृहमंत्री विजय शर्मा ने रायपुर से वर्चुअल माध्यम से इसका उद्घाटन किया। इस थाने का उद्देश्य बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी रोक लगाना है। राज्य सरकार ने प्रदेशभर में बढ़ते साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन ठगी के मामलों को देखते हुए लोगों की सुरक्षा के लिए साइबर थाने स्थापित करने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में जांजगीर-चांपा में यह थाना शुरू किया गया है। साइबर थाने में कुल 20 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सागर पाठक को जिले का प्रथम साइबर थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनके साथ एसआई, एएसआई, हवलदार और आरक्षकों की भी नियुक्ति हुई है। पुलिस अधिकारियों को साइबर अपराध के मामलों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साइबर क्राइम के 29 केस एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि जिले में फिलहाल साइबर अपराध के मामले सीमित हैं। जिले के सभी थानों के आंकड़ों के अनुसार, कुल लगभग 5,500 अपराध दर्ज हुए हैं, जिनमें से 29 केस साइबर क्राइम से संबंधित हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अब तक साइबर अपराधों की रिपोर्टिंग संबंधित थानों में की जाती थी। हालांकि, अब सभी साइबर प्रकरण सीधे साइबर थाने में दर्ज किए जाएंगे, जिससे त्वरित जांच और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित हो सकेगी।


