जांजगीर-चांपा पुलिस ने सेकंड हैंड कार बेचने के नाम पर 1.30 लाख रुपए की धोखाधड़ी के मामले में दुर्ग जिले से आरोपी वसीम खान (43) को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। केरा रोड भाटापारा निवासी सूखी राम साहू ने मार्च 2023 में जांजगीर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे ट्रांसपोर्टिंग का काम करते हैं और अपने लिए एक सेकंड हैंड कार खरीदना चाहते थे। साहू ने एक मोबाइल नंबर के माध्यम से वसीम खान से संपर्क किया, जिसने खुद को दुर्ग निवासी बताया। वसीम खान ने अपनी मारुति स्विफ्ट डिजायर की तस्वीरें भेजीं और उसकी कीमत 5.20 लाख रुपए बताई। उसने बयाना के तौर पर 1.30 लाख रुपए की मांग की। पैसे लेने के बाद फोन उठाना बंद किया सूखी राम साहू ने वसीम खान के मोबाइल नंबर पर अलग-अलग किस्तों में 1.30 लाख रुपए भेज दिए। पैसे मिलने के बाद वसीम खान ने फोन उठाना बंद कर दिया और न ही कार बेचने के लिए दोबारा संपर्क किया। बार-बार संपर्क करने पर भी जब सूखी राम साहू को न तो गाड़ी मिली और न ही उनके पैसे वापस किए गए, तो उन्होंने सिटी कोतवाली थाने में धारा 420 के तहत मामला दर्ज कराया। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी को दुर्ग से पकड़ा पुलिस टीम जब आरोपी वसीम खान को गिरफ्तार करने दुर्ग पहुंची, तो वह फरार हो गया था। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को साइबर टीम की तकनीकी जानकारी और संयुक्त कार्रवाई के बाद दुर्ग से पकड़ा गया। पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान वसीम खान ने 1.30 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने की बात स्वीकार की।


