भास्कर न्यूज | मनेंद्रगढ़ हसदेव क्षेत्र की जागृति महिला समिति ने 19 फरवरी को नई लेदरी में सामाजिक प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए एक जरूरतमंद परिवार की बेटी के विवाह में सहयोग प्रदान किया। समिति द्वारा कन्या के मांगलिक अवसर पर आवश्यक गृह-उपयोगी सामग्री भेंट की गई, जिससे नवदंपति के गृहस्थ जीवन की शुरुआत सुगम हो सके। समिति की अध्यक्षा डॉ. सरोज बाला बिश्नोई के नेतृत्व में यह सेवा कार्य संपन्न हुआ। उन्होंने बताया कि समिति का उद्देश्य समाज में सहयोग, सहानुभूति और समरसता की भावना को मजबूत करना है। विवाह के अवसर पर प्रदान की गई सामग्री नवदंपति की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर दी गई, जिससे दोनों परिवारों को आर्थिक सहयोग के साथ नैतिक संबल भी मिला।


