जानलेवा हमले के शिकार की मौत, गांव में आक्रोश:50 लोगों ने घर में घुसकर सरियों-कुल्हाड़ी से किया था हमला

भीलवाड़ा में घर में घुसकर किए गए हमले में घायल हुए व्यक्ति की मंगलवार रात मौत हो गई। इसके बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। बुधवार को परिजन ने शव लेने से इनकार कर दिया। परिवार-समाज के लोग मॉर्च्युरी के बाहर धरने पर बैठे हैं और हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। मामला जिले के मांडल थाना इलाके के चरपुरा भादू गांव का है। जानकारी के अनुसार- चतरपुरा भादू गांव में 1 फरवरी की रात 50-60 लोग जगदीश सिंह के घर में घुस गए थे। आरोपियों ने जगदीश पर जानलेवा हमला किया। परिवार की महिलाओं-पुरुषों के साथ भी मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने कुल्हाड़ी और सरियों से हमला किया था। इसके बाद तोड़फोड़ और आगजनी भी की। हमले में घायल जगदीश को उदयपुर रेफर किया गया था। 10 दिन इलाज चलने के बाद मंगलवार को जगदीश ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके बाद चतरपुरा भादू गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल हो गया। पुलिस ने केवल कुछ एक दो लोगों को पकड़ा पीड़ित परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया कि मांडल थाने में 25 से 30 लोगों के खिलाफ नामदज रिपोर्ट दी थी। लेकिन पुलिस ने अब तक 1–2 लोगों को ही पकड़ा है। पुलिस मामला दबाने की कोशिश कर रही है। परिवार का कहना है कि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हुई। जगदीश सिंह की मौत के बाद परिवार और समाज के लोग न्याय की मांग करते हुए धरना पर हैं। समाज में गुस्सा बढ़ता जा रहा है। परिवार ने शव लेने से इनकार कर दिया है। आश्वासन के बाद समाप्त हुआ प्रदर्शन बुधवार को परिवार जगदीश के हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग पर अड़ा रहा। समाज के लोगों ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। मॉर्च्युरी के बाहर धरना-प्रदर्शन चला। बाद में पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिवार को हमलावरों की जल्दी गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना प्रदर्शन खत्म हुआ। क्रेडिट: जितेंद्र सिंह गौड़, मांडल

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *