जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के सिंदूरी गांव में एक घायल बच्ची को लेकर उसका परिवार शुक्रवार रात हाईवे पर बैठ गया। लगातार हो रही बारिश के बीच खटिया पर बच्ची को लिटाकर परिवार और ग्रामीणों ने घंटों तक सड़क जाम कर दिया। उनका आरोप था कि मारपीट में घायल हुई बच्ची के इलाज का खर्च देने से पड़ोसी मुकर गया है। पुलिस पर भी निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए लोगों ने नारेबाजी की। पानी गिरने के विवाद में मारपीट, बच्ची हुई घायल यह पूरा मामला बीती रात का है। गांव के रमेश साह के घर की छत से बारिश का पानी पड़ोसी की दीवार पर गिर रहा था। इसी बात को लेकर पड़ोसी से कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि पड़ोसी ने रमेश की पत्नी और नाबालिग बेटी के साथ मारपीट कर दी। मारपीट में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने समझौता कराया, लेकिन इलाज का खर्च नहीं दिया घटना के बाद रमेश साह ने नारायणपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच सुलह कराई। समझौते के तहत यह तय हुआ कि घायल बच्ची का इलाज पड़ोसी के खर्चे पर कराया जाएगा। लेकिन पड़ोसी ने साफ इनकार कर दिया कि वह किसी भी तरह का खर्च नहीं देगा। इस बीच बच्ची की हालत और बिगड़ गई। बारिश में टेंट लगाकर किया प्रदर्शन इलाज के पैसे नहीं मिलने और पुलिस की निष्क्रियता से नाराज परिवार ने बच्ची को खटिया पर लिटाया और हाईवे पर बैठ गया। लगातार बारिश हो रही थी, लेकिन प्रदर्शनकारी डटे रहे। सड़क किनारे टेंट लगाकर घायल बच्ची के साथ लोग बैठ गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ जाम मामले की जानकारी मिलते ही नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन और बीडीओ देर रात मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने जाम हटाया। फिलहाल घायल बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है और परिजन उसकी बेहतर इलाज की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने कहा है कि मामले की दोबारा जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। पुलिस क्या कह रही है नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन ने बताया कि घटना 23 जून की है। घटना के बाद बच्ची का इलाज सदर अस्पताल जामताड़ा में चल रहा था। पड़ोसियों ने बेहतर इलाज कराने का आश्वासन दिया था, जिसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। इस बीच पड़ोसियों द्वारा इलाज नहीं कराए जाने पर बच्ची कि तबीयत पहले से गंभीर हो गई। जिसके बाद परिजनों ने बच्ची को खाट पर लेकर सड़क जाम कर दिया। आरोपी पड़ोसियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस मामले कि छानबीन कर कार्रवाई में जुटी हुई है। वहीं बच्ची का इलाज धनबाद मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।


